सिरमौर में 64 नए जेबीटी शिक्षकों ने संभाला पदभार
प्राथमिक पाठशालाओं में रिक्त पड़े पदों को भरने में मिली राहत
स्कूलों में वापस भेजे गए प्रतिनियुक्ति पर चल रहे शिक्षक
योगेंद्र अग्रवाल
ददाहू (सिरमौर)। जिले को मिले 76 नए जेबीटी शिक्षकों में से 64 शिक्षकों ने अपना पदभार संभाल लिया है। शेष बचे 12 जेबीटी शिक्षकों ने व्यक्तिगत कारणों का हवाला देकर नियुक्ति के लिए अतिरिक्त समय की मांग की है। यह शिक्षक अगले सप्ताह तक अपना पदभार ग्रहण करेंगे।
प्रारंभिक शिक्षा विभाग ने तीन सितंबर तक सभी शिक्षकों को ज्वाइनिंग देने के आदेश प्रदान किए थे। इनमें से 90 फीसदी शिक्षकों ने अपना पदभार ग्रहण करके स्कूलों में बाकायदा सेवाएं प्रारंभ कर दी हैं। शिक्षकों के इन पदों को भरे जाने से ग्रामीण इलाकों की प्राथमिक पाठशाला में शिक्षकों की कमी को काफी हद तक पूरा कर लिया गया है।
प्रारंभिक शिक्षा खंड ददाहू के अंतर्गत नौ में से आठ जेबीटी शिक्षकों ने बुधवार से अपनी सेवाएं प्रारंभ कर दी हैं। शिक्षा खंड ददाहू के अंतर्गत जिन प्राथमिक पाठशालाओं में जेबीटी शिक्षकों के पदों को भरा गया है उनमें राजकीय प्राथमिक पाठशाला द्राबिल व सुराख में दो-दो, खराड़ी, च्यामां, गवानू व रजाईना में एक-एक जेबीटी शिक्षक ने अपना पदभार संभाल लिया है। हालांकि प्राथमिक पाठशाला हायोनाड के लिए नियुक्त जेबीटी शिक्षक अगले सप्ताह तक अपना पदभार ग्रहण करेंगे।
इससे प्रतिनियुक्ति पर चल रही प्राथमिक पाठशालाओं को अब नियमित शिक्षक मिल गए हैं। प्रतिनियुक्ति पर चल रहे जेबीटी शिक्षकों को अपनी-अपनी पाठशालाओं में वापस भेज दिया गया है।
खंड प्रारंभिक शिक्षा अधिकारी ददाहू सतीश शर्मा ने बताया कि शिक्षा खंड के अंतर्गत नौ नए जेबीटी शिक्षकों में से आठ ने नियुक्ति देकर अपनी सेवाएं आरंभ कर दी हैं। इससे स्कूलों में रिक्त पड़े पदों को भरने मे बड़ी राहत मिली है और स्कूलों में शिक्षा के सत्र में भी भारी सुधार होगा।
-संवाद