ददाहू (सिरमौर)। अंतरराष्ट्रीय रेणुका मेले की प्रथम सांस्कृतिक संध्या दर्शक पाश्र्व गायक शबाब शाबरी के तरानों पर जमकर थिरके। देर रात तक चली पहली सांस्कृतिक संध्या में मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की।
मंच पर सराजी नाटी पेश कर रहे कलाकारों के साथ उन्होंने भी नाटी डाली। स्टार नाइट में शबाब शाबरी ने खूब धमाल मचाया। शबाब शाबरी के मंच संभालते ही श्रोताओं ने उनका गर्मजोशी के साथ स्वागत किया। उन्होंने तेरे नैना बड़े कातिल मार ही डालेंगे.. गीत पर दर्शकों को झूमने पर विवश कर दिया। उन्होंने मेरे रश्के कमर.., चलो बुलावा आया है रेणुका मैया ने बुलाया है.., गोविंदा आला रा रे.., तेरे मस्त मस्त दो नैन.., हमका पीनी है पीनी है.. और जुगनी-जुगनी गीतों से समा बांध दिया। पहली सांस्कृतिक संध्या की शुरुआत राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला ददाहू के बच्चों ने रेणुका वंदना से की। इसके पश्चात सोलन का पड़वा नृत्य, कांगड़ा का झमाकड़ा, सिरमौर का बडालटू नृत्य व मंडी जिले के सिराज का लोकनृत्य आकर्षण का केंद्र रहा। मंडी की सिराजी नाटी के दौरान मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर स्वयं को थिरकने से नहीं रोक पाए। मुख्यमंत्री काफी समय तक नाटी डालते रहे। इसके बाद गीता भारद्वाज ने ये इश्क का जादू है सर चढ़कर बोलेगा.. व कजरा मोहब्बत वाला.. आदि फिल्मी व पहाड़ी नगमे सुनाकर दर्शकों का मनोरंजन किया।
हिमाचल में देवी-देवताओं और ऋषि-मुनियों की धरती है। यहां कदम रखते ही दिल को सुकून मिलता है। इसे शब्दों में बयां नहीं किया जा सकता। यह कहना है कि बॉलीवुड स्टार शबाब शाबरी का। वह अंतरराष्ट्रीय रेणुका मेले में अपनी प्रस्तुति देने के बाद अमर उजाला से रूबरू हुए। उन्होंने कहा कि वह हिमाचल की धरती के कायल हैं। इस कारण उनका मन बार-बार हिमाचल आने को करता है।
मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने पहली सांस्कृतिक संध्या का शुभारंभ किया। उन्होंने मेले की स्मारिका का भी विमोचन किया। गायत्री मंदिर श्री रेणुका जी के संस्थापक स्वामी दयानंद भारती ने मुख्यमंत्री राहत कोष के लिए 51 हजार रुपये का चेक भेंट किया। वहीं, श्री रेणुका जी पर आधारित एक वृत्तचित्र का भी विमोचन किया गया।