नाहन (सिरमौर)। प्रसिद्ध धार्मिक स्थल महामाया माता बालासुंदरी मंदिर में नवरात्र मेले धूमधाम के साथ आयोजित किए जा रहे हैं। नवरात्र में मां के दर्शनों के लिए भारी संख्या में श्रद्धालु पहुंच रहे हैं। नवरात्र के दूसरे दिन मंदिर में तीन हजार से अधिक श्रद्धालुओं ने माथा टेका और विधिवत पूजा-अर्चना कर पुण्य कमाया। दूसरे दिन मंदिर में लगभग नौ लाख रुपये का चढ़ावा चढ़ा। इसके अलावा सोने और चांदी के आभूषण भी श्रद्धालुओं ने मां बालासुंदरी के चरणों में समर्पित किए।
सिरमौर में नवरात्र उत्सव की धूम है। विभिन्न मंदिरों के अलावा त्रिलोकपुर स्थित माता बालासुंदरी के मंदिर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ जुट रही है। पहले नवरात्र की अपेक्षा दूसरे दिन मंदिर में श्रद्धालुओं की संख्या काफी कम रही। सुबह बारिश के चलते अधिक श्रद्धालु मंदिर तक नहीं पहुंच पाए। पहले दिन करीब 15 हजार श्रद्धालु मंदिर में पहुंचे थे, जबकि दूसरे दिन मंदिर में पहुंचने वाले श्रद्धालुओं की संख्या तीन हजार पहुंची। उपाध्यक्ष सिरमौर एवं आयुक्त त्रिलोकपुर मंदिर न्यास ललित जैन ने जानकारी दी कि महामाया माता बालासुंदरी मंदिर त्रिलोकपुर में चल रहे आश्विन नवरात्र मेले के दूसरे दिन तक लगभग 18 हजार श्रद्धालुओं ने माता के दर्शन किए। मंदिर में नवरात्र के दूसरे दिन तक श्रद्धालुओं ने लगभग 21,40,930 रुपये नकद व 33.200 ग्राम सोना, 7.200 किलोग्राम चांदी का चढ़ाई है। उन्होंने बताया कि नवरात्र के दूसरे दिन लगभग तीन हजार श्रद्धालुओं ने माता के दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त किया। दूसरे दिन 8,90,985 रुपये के अतिरिक्त 865 ग्राम चांदी चढ़ावे के रूप में चढ़ाई गई।