पंचायतीराज मंत्री ने नवाजे बीस महिला मंडल
गेलियों में खेल मैदान और कलामंच का किया शिलान्यास
सड़कों के निर्माण को की लाखों रुपये के बजट की घोषणा
अमर उजाला ब्यूरो
नौहराधार/संगड़ाह (सिरमौर)। नौहराधार क्षेत्र के गेलियों में मंगलवार शाम पंचायतीराज एवं पशुपालन मंत्री वीरेंद्र कंवर ने कलामंच एवं खेल मैदान का शिलान्यास किया। जबकि, बुधवार को संगड़ाह में अनुसूचित जाति, जनजाति अत्याचार निवारण अधिनियम 1989 के प्रचार तथा स्वच्छता के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले बीस महिला मंडलों को प्रोत्साहन राशि के चेक वितरित किए। इस अवसर पर उन्होंने गायों के संरक्षण एवं संवर्धन के लिए सरकार की ओर से किए जा रहे कार्यों की सराहना की।
उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार अधिक दूध देने की क्षमता वाली गाय की नस्लों को तैयार करने के प्रोजेक्ट पर कार्य कर रही है। शीघ्र केंद्र को स्वीकृति के लिए इस प्रोजेक्ट को भेजा जाएगा। उन्होंने कहा कि केंद्र से पंचायतों के लिए सीधा पैसा आ रहा है। पंचायत में पैसे की कोई कमी नही है। मंत्री ने नौहराधार और देवना पंचायत में विकासात्मक कार्यों के लिए दस लाख रुपये स्वीकृत किए। इसके अलावा नौहराधार बाजार में सीवरेज के लिए लोनिवि के अधिशासी अभियंता को प्राक्कलन तैयार करने के आदेश दिए। व्यापार मंडल और स्थानीय लोगों ने इस मांग को प्रमुखता से उठाया था। इस मौके पर एसडीएम संगड़ाह राजेश धीमान, उपनिदेशक डीआरडी रतिराम वर्मा, विकास खंड अधिकारी रमेश शर्मा, भाजपा नेता बलवीर चौहान, रविंद्र चौहान, पंचायत प्रधान देवना सत्य देवी, नौहराधार की प्रधान शांता देवी, कमलराज वर्मा आदि उपस्थित रहे। उधर, संगड़ाह में आयोजित कार्यक्रम में पंचायतीराज मंत्री ने कहा कि सिरमौर में चालू वित्त वर्ष में मनरेगा के कार्यों पर 16.68 करोड़ रुपये व्यय किए जाएंगे। इसके तहत 32 बड़े जल भंडारण टैंक, चेकडेम का निर्माण किया जाएगा। उन्होंने बीडीओ संगड़ाह को निर्देश दिए कि रेणुका निर्वाचन क्षेत्र के 21 संपर्क मार्गों के लिए मनरेगा तथा 14वें वित्तायोग के तहत शेल्फ बनाए जाएं। उन्होंने इन संपर्क मार्गों के लिए 25 लाख रुपये देने की घोषणा की। जबकि, शामरा, भुजौंड तथा लानाचेता गांव के संपर्क मार्गों के लिए उन्होंने पंाच-पांच लाख रुपये दिए।