अमर उजाला ब्यूरो
नाहन (सिरमौर)।
गिरिपार इलाके की जामना पंचायत के कई गांवों को नई पाइप लाइन से जोड़ने का कार्य टेंडर लगने के दो माह बाद भी शुरू नहीं हो पाया है। इससे लोगों में विभाग के प्रति भारी रोष व्याप्त है। आईपीएच विभाग की रांगुवा पभार उठाई पेयजल योजना से पानी के वितरण के लिए नई पाइप लाइन बिछाने के टेंडर हो चुके हैं। तकरीबन 26 लाख के बजट में से 20 लाख रुपये का टेंडर संबंधित ठेकेदार को आवंटित किया जा चुका है।
बावजूद इसके भी स्टोरेज टैंक से हरिजन बस्ती के गांवों को नई पाइप लाइन से जोड़ने का कार्य विभाग की लापरवाही के चलते शुरू नहीं हो पाया है। इसका खामियाजा ग्रामीणों को भुगतना पड़ रहा है। उधर, विभाग का तर्क है कि अभी पाइप का अभाव है। इसके कारण ही कार्य शुरू नहीं हो पा रहा है।
स्थानीय गांव के ग्रामीण गुलाब सिंह तोमर, केदार, ललित, तोताराम आदि ने बताया कि उठाऊ पेयजल योजना रांगुवा पभार से जामना पंचायत के बाउकावास, दूसनावास, कुमानूवास, बावटकावास व नायनकावास के 35 परिवारों की 300 के करीब आबादी को नई पाइप लाइन से जोड़ा जाना है लेकिन विभाग की लचर कार्यप्रणाली के चलते बजट होते हुए भी कार्य शुरू नहीं हो पा रहा है।
गुलाब सिंह तोमर ने बताया कि पाइप लाइन बिछाने के लिए अप्रैल माह में टेंडर हो चुके हैं। इसके बाद भी विभाग कार्य में विलंब कर रहा है। उन्होंने विभाग से मांग की कि जल्द से जल्द हरिजन बस्ती को नई पाइप लाइन से जोड़ने के कार्य को शुरू किया जाए ताकि, ग्रामीणों को पानी उपलब्ध हो सके।
उधर, अधिशासी अभियंता एके धीमान ने बताया कि संबंधित ठेकेदार को इस बारे अवगत करवा दिया है। अभी पाइप की भी कमी चल रही है। जैसे ही पाइप उपलब्ध होंगी, कार्य शुरू कर दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि अप्रैल माह में ही इसके टेंडर हुए हैं।