अमर उजाला ब्यूरो
नाहन (सिरमौर)।
68वें गणतंत्र दिवस का जिला स्तरीय समारोह नाहन के ऐतिहासिक चौगान में 26 जनवरी को बड़े हर्षोल्लास के साथ मनाया जाएगा। समारोह में परेड और सांस्कृतिक कार्यक्रम मुख्य आकर्षण होंगे।
गणतंत्र दिवस की तैयारियों को लेकर आयोजित बैठक की अध्यक्षता करते हुए उपायुक्त सिरमौर ललित जैन ने कहा कि 26 जनवरी को सुबह 11 बजे चौगान मैदान में राष्ट्रीय ध्वज फहराया जाएगा। परेड का निरीक्षण एवं मार्च पास्ट की सलामी लेने के बाद मुख्य अतिथि अपना संदेश देंगे। इससे पहले मुख्यातिथि द्वारा शहीद स्मारक पर पुष्पचक्र अर्पित कर शहीदों को नमन किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि समारोह को रोचक बनाने के लिए नाहन के विभिन्न शिक्षण संस्थाओं के बच्चों द्वारा रंगारंग कार्यक्रम प्रस्तुत किया जाएगा। उन्होंने शिक्षण संस्थाओं के प्रतिनिधियों को निर्देश दिए कि कार्यक्रम देशभक्ति और देश व प्रदेश की संस्कृति पर आधारित होना चाहिए। सीडी अथवा कैसेट का इस्तेमाल कार्यक्रम में न किया जाए।
उपायुक्त ने नगर परिषद को निर्देश दिए कि चौगान में आवश्यक सफाई एवं मरम्मत का कार्य समय पर पूरा किया जाए। इसके अतिरिक्त शहीद स्मारक पर भी सफाई एवं श्रद्धांजलि देने के लिए पुष्प एवं अन्य आवश्यक प्रबंध किए जाएं। उन्होंने समारोह स्थल पर बिजली, पानी एवं अन्य सभी प्रबंधों के लिए संबंधित विभागों को निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि आमंत्रण पत्र जिला के सभी स्वतंत्रता सेनानियों व शहीदों के परिजनों और जिला के सभी गणमान्य व्यक्तियों को भी समय पर भेजे जाएं। पुलिस विभाग की ओर से 22 से 24 जनवरी तक परेड का पूर्वाभ्यास करवाया जाएगा। परेड में पुलिस, होमगार्ड, एनसीसी, स्काउट एंड गाइड के अलावा विभिन्न स्कूलों के बच्चे भाग लेंगे। 24 जनवरी को ड्रेस के साथ पूर्वाभ्यास होगा। इसके लिए सभी आवश्यक प्रबंध करने के लिए पुलिस विभाग को निर्देश दिए।
इससे पहले सहायक आयुक्त सुरेंद्र राठौर ने उपायुक्त सहित बैठक में आए सभी अधिकारियों का स्वागत किया और बैठक की कार्यवाही शुरू की। इस मौके पर पुलिस अधीक्षक रोहित मालपानी, अतिरिक्त उपायुक्त हरबंस ब्रास्कोन, एसडीएम नाहन कृतिका कुल्हारी के अलावा विभिन्न विभाग के अधिकारियों ने भाग लिया।