अमर उजाल ब्यूरो
सराहां (सिरमौर)। हिमाचल निर्माता डॉ. वाईएस परमार के क्षेत्र को जोड़ने वाली डूंगाघाट-बागथन-चन्हालग सड़क की बदहाली पर मंगलवार को क्षेत्र के ग्रामीण उखड़ गए। बार-बार मांग के बाद भी सड़क दुरुस्त न होने से गुस्साए ग्रामीण लाना बांका पंचायत प्रधान कौशल्या भारद्वाज की अगुवाई में सीधे लोनिवि कार्यालय जा पहुंचे। कार्यालय में कनिष्ठ व सहायक अभियंता नहीं मिले जिससे ग्रामीणों का गुस्सा और भड़क गया।
गुस्साए ग्रामीणों ने मोबाइल से ही अधिशासी अभियंता से बात की और सड़क की दशा को लेकर कई सवाल दाग दिए जिस पर अधिशासी अभियंता ने ग्रामीणों को एक सप्ताह के भीतर सड़क ठीक करने का आश्वासन दिया।
गौरतलब हो कि हिमाचल निर्माता के गांवों को जोड़ने वाली इस सड़क की हालत लंबे समय से बदहाल पड़ी हुई है। इस सड़क का कुछ मार्ग विभाग ने जरूर पक्का किया था लेकिन बड़ा भाग वैसे ही कच्चा है जो कि दुरुस्त नहीं किया गया। ऐसे में अब पक्का किया गया मार्ग भी कच्चे में तबदील होना शुरू हो गया है। सड़क पर गड्ढे ही गड्ढे बन गए हैं। विभाग ने इन गड्ढों को मिट्टी से भरकर ग्रामीणों को फौरी राहत दी थी लेकिन सड़क पर मिट्टी होने से लोगों की मुश्किलें और बढ़ गई हैं। धूल की वजह से लोग बेहाल हो गए हैं।
पंचायत प्रधान कौशल्य भारद्वाज, प्रतिज्ञा पाल, कौशल कुमार, देशराज, राजेंद्र, राजेंद्र कुमार, वरुण कुमार, जगदीश, रजनीश, राजेंद्र सिंह, देवेंद्र सिंह, अनिल कुमार, विवेक, चंद्र देव शर्मा, रणवीर सिंह, बाबू राम, सुनील दत्त, रतन दत्त ने बताया कि वह विभाग को कई बार इस सड़क की दशा सुधारने की बाबत कह चुके हैं लेकिन सड़क की दशा सुधारने पर विभाग कोई कार्रवाई नहीं कर रहा है। इस कारण उन्हें मजबूरन आज सहायक अभियंता के कार्यालय में जाना पड़ा।
ग्रामीणों ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि सड़क की हालत एक सप्ताह के भीतर नहीं सुधरी तो वह क्षेत्र के सैकड़ों लोग सड़कों पर आकर धरना प्रदर्शन करेंगे जिसके लिए लोनिवि स्वयं जिम्मेवार होगा।
उधर, अधिशाषी अभियंता महेश सिंघल ने कहा कि डूंगाघाट-बागथन-चन्हालग को एक सप्ताह के भीतर सुधार दिया जाएगा।