माताओं को खानपान और शिशु देखभाल को लेकर किया जागरूक
संवाद न्यूज एजेंसी
नाहन (सिरमौर)। मेडिकल कॉलेज नाहन के मातृ-शिशु कल्याण केंद्र और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बनेठी में बुधवार को सुबह 10:00 बजे से बच्चों का टीकाकरण किया गया। इस दौरान शून्य से डेढ़ वर्ष के 54 बच्चों को विभिन्न बीमारियों से बचाव के टीके लगाए गए। साथ ही माताओं को खानपान और बच्चों की देखभाल को लेकर जागरूक किया गया।
मेडिकल कॉलेज नाहन के मातृ-शिशु कल्याण केंद्र में दोपहर बाद 4:00 बजे तक स्वास्थ्य सुपरवाइजर ने 7 बच्चों को बीसीजी और 40 को पेंटा, डीबीटी, रोटा समेत अन्य बीमारियों से बचाव के टीके लगाए गए। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बनेठी में सीएचओ सोनिया ने 3 बच्चों को पेंटा और 4 को अन्य बीमारियों के टीके लगाए गए। आशा कार्यकर्ता किरण ठाकुर ने माताओं को बच्चों उनके खानपान और देखभाल को लेकर जानकारी दी। इसके अलावा सैनवाला, ददाहू, धगेड़ा, बिरला, पराड़ा में भी नियमित टीकाकरण किया गया।
खंड चिकित्सा अधिकारी डॉ. मोनीषा अग्रवाल ने बताया कि महीने के प्रत्येक बुधवार को मेडिकल कॉलेज के शिशु कल्याण केंद्र व अन्य स्वास्थ्य संस्थानों में नियमित टीकाकरण किया जाता है। इस दौरान बच्चों को जानलेवा बीमारियों से बचाव के टीके लगाए जा रहे हैं।