अमर उजाला ब्यूरो
नाहन (सिरमौर)। लोकसभा चुनाव में मतदाताओं की सुविधाओं का खास ख्याल रखा जा रहा है। भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशानुसार जिले के सभी मतदान केंद्रों पर छोटे बच्चों की देखभाल के लिए क्रेच की सुविधा उपलब्ध करवाई जाएगी। जिला निर्वाचन विभाग ने इसकी व्यवस्था की है। मतदान केंद्रों में आंगनबाड़ी सहायिकाएं बच्चों की देखभाल करेंगी, ताकि महिलाएं बच्चों को क्रेच में रखकर आसानी से अपने मतदाधिकार का प्रयोग कर सकें।
जिला निर्वाचन अधिकारी एवं उपायुक्त सिरमौर ने वीरवार को वीडियो कांफ्रेंसिंग से जिले में कार्यरत सभी सहायक निर्वाचन अधिकारियों एवं एसडीएम और निर्वाचन से जुड़े अधिकारियों को यह जानकारी दी। उन्होंने कहा कि उड़नदस्तों के वाहनों पर जीपीएस सिस्टम स्थापित कर दिए गए हैं। इससे उड़नदस्तों की आवाजाही पर कड़ी नजर रखी जा रही है। उन्होंने सभी एसडीएम को निर्देश दिए कि सहायक व्यय पर्यवेक्षकों, उड़नदस्तों और स्टेटिक निगरानी टीमों को भारत निर्वाचन आयोग की ओर से जारी निर्देशिका उपलब्ध करवाई जाए और उन्हें निर्वाचन नियमों के अनुरूप कार्य करने के बारे में आदेश जारी किए जाएं। उन्होंने कहा कि निर्वाचन कार्यों में कोताही बरतने वाले अधिकारियों के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि मतदान केंद्रों के भवनों में लगी पानी की टंकियों की सफाई सुनिश्चित की जाए। मतदान केंद्रों पर दिव्यांगों के लिए रैंप सुविधा के अतिरिक्त पानी, बिजली, शौचालय इत्यादि की व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी। इसके अतिरिक्त उन्होंने मतदान केंद्र पर दिव्यांग मतदाताओं की सुविधा के लिए संबंधित बीएलओ की ओर से हेल्पडेस्क स्थापित करने के भी निर्देश दिए। उन्होंने जिला कल्याण अधिकारी को निर्देश दिए कि दिव्यांगों के लिए व्हीलचेयर का प्रबंध समय रहते किया जाए। जिले में कुल 438 दिव्यांग मतदाताओं की पहचान की गई है। उपायुक्त ने सभी एसडीएम को निर्देश दिए कि मतदान केंद्रों पर तैनात किए जाने वाले एनसीसी और एनएसएस के स्वयंसेवियों को उनके मतदान के दौरान किए जाने वाले कार्यों का प्रशिक्षण दें। उन्होंने सहायक निर्वाचन अधिकारियों को निर्देश दिए कि मतदान केंद्रों पर साइनेज समय पर लगाना सुनिश्चित करें। इसके अतिरिक्त पीठासीन अधिकारी, पोलिंग अधिकारी और बीएलओ के नाम की पट्टिकाएं लगाना भी सुनिश्चित किया जाए। इस अवसर पर अतिरिक्त उपायुक्त आदित्य नेगी, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक वीरेंद्र ठाकुर, सहायक आयुक्त एसएस राठौर, तहसीलदार निर्वाचन हरबंश सिंह, नायब तहसीलदार विजय शर्मा सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।