ददाहू (सिरमौर)। ददाहू के साथ सटे बायरी गांव में सोमवार सुबह एक तेंदुए का शावक देखा गया। इससे ग्रामीणों में दहशत का माहौल बना हुआ है। इससे बायरी स्थित दो दर्जनों परिवारों के लोग खौफ के सायेे में हैं।
जानकारी अनुसार सोमवार को करीब एक घंटे तक तेंदुआ का शावक बायरी में मुख्य सड़क किनारे चहल कदमी करता रहा। इसके बाद वह साथ लगते मैंदान में चला गया। यहां काफी देर तक घूमता रहा। इसके बाद गुरु स्थान बायरी में भी आ पहुंचा। जहां इन दिनों सत्संग हाल के निर्माण कार्य चला हुआ है। तेंदुए के शावक को देखकर निर्माण कार्य में लगे मजदूर भयभीत होकर भाग खड़े हुए। इस बीच लोगों ने शावक का वीडियो भी बना लिया। सूचना मिलने के बाद डीएफओ रेणुका श्रेष्ठानंद शर्मा अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। तब तक शावक जंगल के रास्ते से जलाल नदी की ओर चला गया था।
उधर, बायरी आश्रम में निर्माण कार्य मेें जुटे सत्य देव सैनी, शुभम, सचिन व नरेश ने बताया कि सोमवार सुबह आठ बजे तेंदुए का शावक मुख्य सड़क पर देखा। डीएफओ श्रेष्ठानंद शर्मा ने बताया कि प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार तेंदुआ शावक है। इसको पकड़ने के लिए कफोटा रेंज से पिंजरा मंगवा लिया गया है। पिंजरे को बायरी में स्थापित कर शावक को पकड़ने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने क्षेत्र के लोगों को सचेत रहने की सलाह दी है।