अमर उजाला ब्यूरो
सराहां (सिरमौर)। पच्छाद विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत बडू़ साहिब उठाऊ पेयजल योजना पिछले 20 दिनों से ठप पड़ी है। इससे स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश है। शनिवार को इलाके के ग्रामीणों ने काले झंडे उठाकर आईपीएच के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के बाद मौके का मुआयना करने पहुंचे आईपीएच के अधीक्षण अभियंता और अधिशासी अभियंता का भी ग्रामीणों ने घेराव कर दिया।
विभाग का कहना है कि पेयजल योजना की पंपिंग मशीनरी खराब होने की वजह से यह स्थिति बनी है। इससे करीब 10 हजार की आबादी पेयजल संकट से जूझ रही है। अधिकारियों ने आश्वासन दिया कि एक सप्ताह के भीतर पेयजल संकट की समस्या दूर की जाएगी।
पच्छाद के सराहां, बनाह-धीनी और जामन की सैर पंचायतों की करीब दस हजार की आबादी को लाभान्वित करने वाली बडू साहिब की पंपिंग मशीनरी पिछले 20 दिनों से खराब चल रही है। शनिवार को पच्छाद के लोगों ने सिंचाई एवं जन स्वास्थ्य विभाग के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। वहीं, काले झंडे व आईपीएच विभाग के मुर्दाबाद के नारों के साथ रोष रैली निकाली। यह रैली बाईपास से सराहां बाजार होते हुए सिंचाई एवं जन स्वास्थ्य विभाग के कार्यालय तक निकाली गई। उसके बाद उपभोक्ताओं ने तहसीलदार पच्छाद को विभाग की लापरवाही को लेकर एक शिकायत पत्र भी सौंपा। बताया जा रहा है कि एक अप्रैल को इस उठाऊ पेयजल योजना की पंपिंग मशीनरी में तकनीकी खराबी आई थी। इसके बाद विभाग ने चार दिनों के भीतर इसे चलाया। उसके बाद छह अप्रैल को इस उठाऊ योजना में लगी पंपिंग मशीनरी जल गई।
कुछ दिन में यह मशीनरी ठीक की लेकिन कुछ ही घंटों में पुन: जल गई। सराहां में प्रदर्शन के बाद अधीक्षण अभियंता जोगेंद्र चौहान और एसडीओ मनदीप शर्मा मौके पर पहुंचे। लेकिन, गुस्साए ग्रामीणों ने उनका भी घेराव कर दिया। यदि विभाग ने इस पर ठोस कदम नहीं उठाया तो सराहां और आसपास के गांव के सैकड़ों लोग सराहां में चक्का जाम करेंगे। उधर, अधिकारियों ने सात दिन में समस्या दूर करने का ग्रामीणों को आश्वासन दिया।
ग्रामीण सुरेंद्र सपरा, शूरवीर गोसाई, गुरु मोहनदास, कुणाल गर्ग, सुरेश कुमार, रूप लाल, मदन सिंह, गोविंद कुमार, विनीत गर्ग, अतुल गर्ग, रितेश गोयल, विपुल गोयल, जितेंद्र, संजीव, अमित ठाकुर व रमेश ने कहा कि यह योजना जब से बनी है, उसके बाद से लगातार इस योजना में तकनीकी खराबी आती रही है। कभी बेतरतीब ढंग से लगाई पाइपें फटती रहती हैं तो कभी मशीनरी जल जाती है। इसका खामियाजा क्षेत्र के करीब दस हजार लोगों को भुगतना पड़ रहा है।
क्या कहता है विभाग
सिंचाई एवं जन स्वास्थ्य विभाग के सहायक अभियंता पंकज चौधरी ने कहा कि इस योजना में लगी पंपिंग मशीनरी में बार-बार तकनीकी खराबी आ रही है। उन्होंने कहा कि अब विभाग ने नई मशीनरी मंगवाई है जिसे लगाया जा रहा है।