कांग्रेस में हार का भय, नहीं मिल रहे सीटों के लिए प्रत्याशी
पीएम नरेंद्र मोदी ही दे सकते हैं देश को मजबूत नेतृत्व : जयराम
शिलाई विधानसभा के कफोटा में युवा मोर्चा का सम्मेलन
अमर उजाला ब्यूरो
पांवटा साहिब/ सतौन (सिरमौर)। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा है कि कांग्रेस अपनी हार से बौखलाई हुई है। चुनाव मैदान में उतरने के लिए कोई नेता तैयार नहीं हो रहा है। कांग्रेस के दिग्गज चुनाव लड़ने से घबरा गए हैं। मुख्यमंत्री शिलाई विधानसभा के कफोटा और पांवटा साहिब शहर के रामलीला मैदान में भाजपा प्रत्याशी सुरेश कश्यप के पक्ष में चुनाव प्रचार के दौरान युवा मोर्चा के सम्मेलन मेें बोल रहे थे। सीएम ने कहा कि आपने जो मांगा हमने दिया। अब हम आपसे समर्थन और सहयोग मांग रहे हैं। पूर्व केंद्रीय मंत्री सुखराम का फैसला गलत है। यह पुराना दौर नहीं है। वह दौर चला गया है।
सीएम ने कहा कि पांवटा में गन्ने के विपणन की समस्या रही है। अब हिमाचल से उत्तराखंड तक का किराया दिया जाएगा, ऐसी सहमति बन चुकी है। पीएम नरेंद्र मोदी जैसे मजबूत नेतृत्व की देश को जरूरत है। पीएम हिमाचल को अपने गृह प्रदेश की तरह ही मानते हैं। उन्होंने कहा कि देश को मजबूत नेतृत्व की जरूरत है। मोदी में निर्णय लेने की क्षमता है। इसी के चलते पाकिस्तान को उसकी जुर्रत का करारा जवाब दिया गया। उन्होंने कहा कि मुंबई हमले के बाद कसाब पकड़ा गया था। तब की सरकार ने पाकिस्तान को केवल पत्र लिखा, जिसका जवाब तक पाकिस्तान ने नहीं दिया। कांग्रेस पार्टी देशहित नहीं बल्कि सत्ता सुख चाहती है। उन्होंने कहा कि संगठन की मजबूती के लिए युवा मोर्चा अहम भूमिका निभा रहा है। पार्टी का प्रत्येक कार्यकर्ता हर पोलिंग बूथ में जिम्मेदारी के साथ कार्य करें। केंद्र और प्रदेश सरकार की उपलब्धियों, नीतियों और विकासात्मक कार्यों की जानकारी आमजन तक पहुंचाने के लिए कार्यकर्ता जमीनी स्तर पर कार्य करें। उन्होंने कहा कि प्रदेश भाजपा सरकार ने जिला सिरमौर के विकास को गति देने का कार्य किया है। इस दौरान निवर्तमान सांसद विंरेंद्र कश्यप, पांवटा दून विस् क्षेत्र के विधायक सुखराम चौधरी, भाजपा उम्मीदवार सुरेश कश्यप, शिलाई के पूर्व विधायक बलदेव तोमर, जिला भाजपा अध्यक्ष विनय गुप्ता सहित कई नेता उपस्थित थे।