अमर उजाला ब्यूरो
नाहन (सिरमौर)।
भाजपा किसान मोर्चा की एक बैठक हिंदु आश्रम नाहन में हुई जिसकी अध्यक्षता प्रदेश भाजपा किसान मोर्चा के प्रदेशाध्यक्ष बलदेव भंडारी ने की। इस दौरान जिला सिरमौर के प्रभारी यशवीर जस्टा भी मौजूद रहे। बैठक में सर्वप्रथम मंडल बैठकों को आयोजित करने पर विचार-विमर्श किया गया जिसमें निर्णय लिया गया कि 2 मई को पच्छाद व शिलाई, 3 मई को पांवटा, 10 मई को नाहन, 9 मई को रेणुका जी में मंडल स्तर पर बैठक आयोजित की जाएगी।
इस दौरान पांच प्रभारी भी नियुक्त किए गए जिसमें आशा तोमर को नाहन मंडल, रूपेंद्र ठाकुर को पच्छाद मंडल, नवीन शर्मा को रेणुका मंडल, कमल राज वर्मा को पांवटा मंडल, नारायणदत्त शर्मा को शिलाई मंडल की जिम्मेवारी सौंपी गई।
इसके बाद 2 मई को हर मंडल में किसान कल्याण कार्यशाला का आयोजन करने पर सहमति बनी जिसके अंतर्गत सरकार द्वारा किसानों को उपलब्ध करवाई जा रही योजनाओं की जानकारी दी जाएगी। महामंत्री संजीव शर्मा ने कहा कि 20 से 30 मई तक हर बूथ पर 10 किसान प्रहरियों की नियुक्ति की जाएगी। इस कार्य को सभी मंडल आवश्यक रूप से पूरा करें। इस दौरान प्रदेश प्रवक्ता, सुनील शर्मा, जिलाध्यक्ष भूपेंद्र भंडारी, आशा तोमर व जिला के सभी पदाधिकारी एवं कार्यकारी सदस्य उपस्थित रहे।