नाहन (सिरमौर)।
नाहन की निशा अग्रवाल विवाहित महिलाओं की टैलेंट बेस पर आधारित सबसे बड़ी राष्ट्रीय स्पर्धा में हिस्सा लेगी। निशा अग्रवाल ने कसौली में आयोजित मिसेज इंडिया हिमाचल के ग्रैंड फिनाले में जीत दर्ज की है। यहां 40 से 70 वर्ष की महिलाओं के वर्ग में उन्होंने मिसेज इंडिया हिमाचल के सेकेंड रनरअप के खिताब पर कब्जा जमाया। उन्हें मिसेज इंडिया प्रदेश एलिगेंट का खिताब भी मिला। ग्रैंड फिनाले में मिसेज इंडिया 2017 कल्पना ठाकुर ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत की। जबकि मिसेज इंडिया रनरअप विद्या नेगी व तनुजा वर्मा वशिष्ठ अतिथि के रूप में शामिल हुईं।
निर्णायक मंडल में पंजाबी फिल्मों के निदेशक मनप्रीत सिंह, ट्रेनर ग्रूमर मरियम, विद्या नेगी तथा तनुजा वर्मा शामिल रहीं। इस स्पर्धा में मिसेज इंडिया हिमाचल में सेकेंड रनरअप का खिताब जीतने पर निशा अग्रवाल को क्राउन, सैश, सर्टिफिकेट और ट्रॉफी प्रदान की गई। अब निशा राष्ट्रीय स्पर्धा में हिस्सा लेंगी। यदि वह वहां अपनी लय बरकरार रखती हैं तो उनको अंतरराष्ट्रीय स्पर्धा में भाग लेने का अवसर मिलेगा। गौरतलब है कि यह स्पर्धा हिमाचल फिल्म सिटी ने टैलेंट बेस पर आयोजित की थी जिसमें महिलाओं के टैलेंट को ही आधार बनाया गया। यह स्पर्धा 21 से 39 तथा 40 से 70 आयु वर्ग में आयोजित की गई। ग्रैंड फिनाले में प्रदेश भर से 41 महिलाओं को एंट्री मिली थी।
इस स्पर्धा में निशा अग्रवाल अपनी मधुर आवाज व मॉडलिंग के दम पर सेकेंड रनरअप का खिताब जितने में सफल रही। जबकि 21 से 39 वर्ष के आयु वर्ग में मंडी की शैफाली, किन्नौर की पूजा राठौर व शिमला की सुलक्षणा जसवाल तथा 40 से 70 वर्ष के आयु वर्ग में शिमला की सतविंद्र कौर, शिमला की कंचन शर्मा व नाहन की निशा अग्रवाल ने जीत दर्ज की।
‘अमर उजाला’ से बातचीत में निशा अग्रवाल ने कहा कि वह गायिकी व मॉडलिंग के दम पर राष्ट्रीय स्पर्धा जीत कर अंतरराष्ट्रीय स्पर्धा में भाग लेने का प्रयास करेंगी।