अमर उजाला ब्यूरो
सराहां (सिरमौर)।
पच्छाद क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले तकाहां गांव में आधा दर्जन परिवार पेयजल की बूंद-बूंद के लिए तरस गए हैं। हालांकि, गांव के लोग विभाग के सहायक अभियंता एवं कनिष्ठ अभियंता को कई बार समस्या संबंधी शिकायत कर चुके हैं लेकिन ग्रामीणों की इस प्रमुख समस्या पर कोई गौर नहीं किया जा रहा है। लिहाजा, ग्रामीणों में विभाग की कार्यप्रणाली के प्रति भारी रोष व्याप्त है।
पच्छाद क्षेत्र के अंतर्गत गागल शिकोर उठाऊ पेयजल योजना के तहत तकाहां गांव को पानी की आपूर्ति होती है। इस गांव के सात परिवारों को पिछले 10 दिन से पानी की सप्लाई नहीं हो रही है। इसके चलते ग्रामीणों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीण क्षमादत्त शर्मा, अंबादत्त शर्मा, देवेंद्र दत्त, राजेश शर्मा, वेदप्रकाश व कमल शर्मा ने बताया कि करीब 10 दिन पहले विभाग के कनिष्ठ अभियंता व विभाग के अन्य कर्मचारी तकाहां गांव में पानी के सही वितरण को लेकर पहुंचे थे। अब तक विभाग पानी की वितरण प्रणाली को तो सही नहीं कर पाया है। उल्टा विभाग ने लोगों को पानी के लिए तरसा दिया है।
ग्रामीणों ने कहा कि वह इस समस्या को लेकर शीघ्र ही उपायुक्त सिरमौर से भी मिलेंगे ताकि विभाग की नजरअंदाजी को जिला प्रशासन के संज्ञान में लाया जा सके।
उधर, विभाग के सहायक अभियंता सुभाष चंद ने बताया कि इस समस्या को लेकर वह कनिष्ठ अभियंता से बातचीत करेंगे। जल्द ही पानी की समस्या को दूर कर दिया जाएगा।
-----------------