कालाअंब में पेयजल संकट, टैंकर से खरीदारी
मोटर खराब होने के कारण चल रही दिक्कत
दो दिन से पानी को दर-दर भटक रहे लोग
अमर उजाला ब्यूरो
कालाअंब (सिरमौर)
औद्योगिक क्षेत्र कालाअंब में दो दिन से पानी का संकट गहरा गया है। आईपीएच के नलों और निजी पेयजल नलों में पानी की बूंद तक नहीं टपक रही जिससे लोगों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। बताया जा रहा है कि दो दिन पहले आईपीएच के बोरवेल की मोटर खराब हो गई है जिस वजह से इलाके में पानी की आपूर्ति नहीं हो पा रही। परिणामस्वरूप लोगों को पानी के लिए दर-दर भटकना पड़ रहा है। लोग टैंकरों से पानी खरीदने को विवश हो गए हैं।
लोगों का कहना है कि मोटरें जलने के कारण बार-बार इस तरह की समस्या आ रही है। आईपीएच को इसका स्थायी समाधान करना चाहिए। हालांकि, आईपीएच ने मोटर ठीक करने का दावा किया है लेकिन अभी तक पानी की आपूर्ति बहाल नहीं हो सकी है।
कालाअंब के बाशिंदों में ज्ञानचंद, राज कुमार मित्तल, प्रदीप ठाकुर, अनिल कुमार व रविंद्र कुमार ने बताया कि दो दिन पहले आईपीएच विभाग के बोरवेल की मोटर जल गई थी लेकिन विभाग के पास दूसरी मोटर का विकल्प न होने के कारण जनता को पानी की समस्या से जूझना पड़ा। जबकि पिछले एक महीने से क्षेत्र में पानी की समस्या चल रही है।
गौरतलब है कि कालाअंब में बिजली की सप्लाई भी सुचारु नहीं रहती है। कई बार कालाअंब क्षेत्र में पावर कट लग जाते हैं। जबकि कई बार बिना पूर्व सूचना के ही बत्ती गुल हो जाती है। इस वजह से भी इलाके में पानी की कमी बनी रहती है।
उधर, आईपीएच विभाग के कनिष्ठ अभियंता अश्वनी कुमार ने बताया कि मोटर को रिपेयर करवा दिया गया है। बोरवेल भी चालू हो गया है। जल भंडारण टैंकों को भरने के बाद रविवार सुबह से पानी की आपूर्ति बहाल कर दी जाएगी।
==========संजय गुप्ता