अमर उजाला ब्यूरो
नाहन (सिरमौर)। इंडो अमरीकन संस्था ने राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला बनेठी में स्कूली बच्चों को स्वेटर वितरित किए। यहां आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान संस्था के अरविंद निश्चल व संजीव वर्मा ने यह सामग्री स्कूली बच्चों को प्रदान की। इस दौरान संस्था की ओर से स्कूल प्रशासन को वाटर कूलर भी दिया गया। साथ ही चार होनहार बच्चों को टैबलेट भी प्रदान किए।
इसके अलावा संस्था द्वारा राजकीय उच्च पाठशाला कैंट नाहन, राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला बनेठी, राजकीय उच्च पाठशाला निहोग, राजकीय प्राथमिक पाठशाला निहोग, राजकीय प्राथमिक पाठशाला दो सड़का में भी सभी स्कूली बच्चों को स्वेटर वितरित किए। जबकि राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला निहोग में वाटर कूलर व स्वेटर दोनों ही वितरित किए गए।
यह कार्य निहोग स्कूल में टीजीटी के पद पर तैनात विवेक कौशिक के प्रयासों से अमल में लाया गया। गौरतलब हो कि विवेक राजकीय प्राथमिक पाठशाला मोगीनंद में भी विद्यार्थियों को गुणवत्ता पूर्ण शिक्षा उपलब्ध करवाने के लिए अपने दम पर कंप्यूटर आधारित शिक्षा प्रदान कर चुके हैं। उधर, बनेठी स्कूल के प्रधानाचार्य मुरली मनोहर गुप्ता सहित अन्य स्कूल के प्रधानाचार्यों एवं मुख्याध्यापकों ने इस कार्य के लिए संस्था के अरविंद्र निश्चल एवं संजीव वर्मा का आभार प्रकट किया है।