योगेंद्र अग्रवाल
ददाहू (सिरमौर)। पीएम श्री राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला ददाहू में पढ़ने वाले बच्चों को नई सौगात मिलने जा रही है। इस सत्र से नए खुले सीबीएसई स्कूल ददाहू में शिक्षकों के 49 पद स्वीकृत किए गए हैं। यही नहीं, स्कूल में पांच नए विषयों को भी शामिल किया गया है। नए विषयों के तहत बच्चे अब संगीत कला और ललित कला के साथ-साथ मनोविज्ञान, भूगर्भ शास्त्र और सामाजिक शास्त्र का ज्ञान भी अर्जित कर सकेंगे। इसे लेकर प्रदेश सरकार ने बाकायदा अधिसूचना जारी करते हुए गुणात्मक शिक्षा की ओर कदम बढ़ाया है।
अधिसूचना के मुताबिक 49 पद केवल शिक्षकों के ही स्वीकृत हुए हैं, जिन्हें शीघ्र ही भरा जाएगा। गैर शिक्षकों व चतुर्थ श्रेणी आदि के पद अलग से स्वीकृत किए जाएंगे। इसके अतिरिक्त ददाहू स्कूल में प्रवक्ताओं के चार पदों को भी बढ़ाया गया है। अंग्रेजी, हिंदी, संस्कृत व कंप्यूटर शिक्षा का एक-एक पद अतिरिक्त स्वीकृत हुआ है।
इन शिक्षकों के पदभार ग्रहण करने से जहां स्कूल में शिक्षा के स्तर में सुधार होगा, वहीं विद्यार्थियों को भी बेहतर शैक्षणिक माहौल और मनचाहा विषय चुनने का मौका मिलेगा। शीघ्र ही इन सभी पदों को भरे जाने की उम्मीद है। इसका निर्णय 20 जुलाई को शिक्षा निदेशालय की बैठक में लिया जाएगा। प्रदेश सरकार की इस अधिसूचना से अभिभावकों में खुशी का माहौल है। ददाहू स्कूल में अब बालवाड़ी (नर्सरी) से लेकर जमा दो तक के बच्चों को एक समान (को-एजुकेशन) व गुणात्मक शिक्षा का लाभ मिलेगा।
प्रधानाचार्य नरेश दुआ ने बताया कि स्कूल के सीबीएसई में मर्ज होने के चलते 49 पदों की स्वीकृति प्राप्त हुई है। इसमें कुछ नए विषयों को भी शामिल किया गया है और प्रवक्ताओं की संख्या में भी इजाफा हुआ है। इन पदों के भरे जाने से स्कूल में शिक्षा के सत्र व माहौल में निश्चित तौर पर परिवर्तन दिखाई देगा और आने वाले समय में स्कूल में विद्यार्थियों की संख्या भी बढ़ेगी।