बरसात और भूस्खलन से जिले में बंद हुईं 43 सड़कें, लोक निर्माण विभाग का 1.24 करोड़ का नुकसान
प्रशासन ने सुबह 10 बजे से शाम 3 बजे तक बंद नाहन-रेणुकाजी सड़क पर बंद करवाई आवाजाही
नदी-नालों का जल स्तर बढ़ा, जटोन बैराज के गेटों से छोड़ा गया पानी, बंद सड़कें बहाली में जुटा विभाग
संवाद न्यूज एजेंसी
नाहन (सिरमौर)। जिला सिरमौर में बारिश का सिलसिला बुधवार को दूसरे दिन भी जारी रहा। जिले के अधिकांश क्षेत्रों में सुबह के समय जोरदार बारिश हुई। भारी मलबा और चट्टानें आने से नेहली में अवरुद्ध नाहन-रेणुकाजी सड़क पर दूसरे दिन भी वाहनों की आवाजाही नहीं हो पाई। जिले में बुधवार को 43 सड़कें बंद हुईं।
दरअसल, सोमवार देर रात 11 बजे से बंद नाहन-रेणुकाजी सड़क बुधवार शाम तक बहाल नहीं हो पाई थी। नेहली के पास 50 मीटर के दायरे में सड़क धंस रही है। वहीं ऊपर से मलबा और चट्टानें आने से आवाजाही ठप हो गई। लोक निर्माण विभाग की ओर से छोटे वाहनों के लिए इस सड़क को खोल दिया गया था, लेकिन बुधवार को जिला प्रशासन की ओर से बिलासपुर हादसे को देखते हुए इस सड़क पर सुबह 10 बजे से शाम 3 बजे तक वाहनों की आवाजाही पर पूरी तरह रोक लगा दी गई।
लोक निर्माण विभाग उपमंडल ददाहू के सहायक अभियंता दलीप चौहान ने बताया कि बुधवार को सड़क बहाली का कार्य जारी रहा। उन्होंने बताया कि देर शाम तक सड़क खुलने की उम्मीद है। जिला प्रशासन के आदेशानुसार मार्ग पर वाहनों की आवाजाही बंद रखी गई है। वहीं रेणुकाजी जाने वाले वाहनों को जमटा से वाया शिलणू-कैलाश मलगांव डायवर्ट किया गया है। उन्होंने बताया कि सड़क पर बड़ी चट्टानें आने से बहाली कार्य में दिक्कतें हो रहीं हैं।
मंगलवार रात और बुधवार तड़के हुई बारिश के चलते लोक निर्माण विभाग के संगड़ाह और शिलाई मंडल में 7-7, नाहन में 5, पांवटा साहिब में 1, राजगढ़ में 10 और सराहां मंडल में 13 सड़कें बंद हुईं। इनमें से शाम तक विभाग ने 25 सड़कों को बहाल करवाया। बीते दो दिनों में लोक निर्माण विभाग को 1.24 करोड़ रुपये की क्षति हुई है। लोक निर्माण विभाग के अधीक्षण अभियंता अरविंद कुमार शर्मा ने बताया कि बंद सड़कों को बहाल करवाया जा रहा है। उधर, बिजली गिरने और विद्युत लाइनों के क्षतिग्रस्त होने से 93 ट्रांसफार्मर बंद हो गए।
जिले में भारी बारिश से नदी-नालों का जल स्तर बढ़ गया है। गिरि नदी का जल स्तर बढ़ने से जटोन बैराज के तीन गेट मंगलवार देर रात्रि खोले गए। वहीं पानी छोड़े जाने से यमुना और सहायक नदियों का जल स्तर भी बढ़ गया।
-
बाक्स
प्रेमनगर-बाड़ा चाकली सड़क एक महीने से बंद
सराहां। पच्छाद विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत आने वाली प्रेम नगर-बाड़ा चाकली सड़क एक महीने से बंद हैं। स्थानीय निवासी राजेश कुमार, राजू, श्याम, घनश्याम, हेमराज, रमेश, तुलाराम, भीम दत्त ने बताया कि प्रेमनगर-बाड़ा चाकली सड़क भूस्खलन के चलते खालतू, मलगन, घीरड़ में बंद है। लोक निर्माण विभाग ने केवल पांच किलोमीटर के दायरे में चांडोग तक सड़क की मरम्मत की है। इससे आगे बंद है। बीते एक महीने से यहां पर निगम की बस नहीं पहुंच पाई है। ऐसे में लोगों को मुख्य सड़क और बाजार तक पहुंचने में दिक्कतें झेलनी पड़ रहीं हैं। बीती रात हुई बारिश के चलते क्षेत्र में विद्युत आपूर्ति भी बंद है। लोगों ने विभाग से सड़क की मरम्मत की मांग की है।
-संवाद
नेहली में बंद नाहन-रेणुकाजी सड़क को बहाल करती विभाग की मशीन। स्रोत: विभाग
नेहली में बंद नाहन-रेणुकाजी सड़क को बहाल करती विभाग की मशीन। स्रोत: विभाग
नेहली में बंद नाहन-रेणुकाजी सड़क को बहाल करती विभाग की मशीन। स्रोत: विभाग
नेहली में बंद नाहन-रेणुकाजी सड़क को बहाल करती विभाग की मशीन। स्रोत: विभाग