पांवटा साहिब (सिरमौर)। रोड सेफ्टी क्लब पांवटा का प्रतिनिधिमंडल डीएसपी से मिला। इस दौरान शहरी क्षेत्र में एनएच और संपर्क मार्गों पर जन जागरूकता को लगाए गए होर्डिंग्स के साथ तोड़फोड़ करने पर नाराजगी जताई गई। शरारती तत्वों ने इन होर्डिंग्स को उखाड़ दिया है। इस कृत्य की घोर निंदा करने के साथ ऐसे शरारती तत्वों के खिलाफ उचित कार्रवाई की मांग उठाई गई है।
पांवटा रोड सेफ्टी क्लब के अध्यक्ष भजन सिंह चौधरी, राजेश तोमर, भारत भूषण गोयल, इंतजार अली कादरी, सुनील चौधरी, पंचराम, सोढ़ी सिंह, अशिक अली, जगजीत सिंह और नदीम अली समेत रोड सेफ्टी क्लब के सदस्यों ने आपातकालीन बैठक बुलाई। इसमें कहा गया कि नशे से दूर रहने, यातायात नियमों का पालन करने समेत विभिन्न स्लोगनों वाले रोड सेफ्टी क्लब पांवटा के होर्डिंग्स शहरी क्षेत्रों में कई जगह लगाए गए थे। पिछले कुछ वर्षों से रोड सेफ्टी क्लब यातायात नियमों का पालन करने के लिए शिविरों का आयोजन कर रहा है। इसी कड़ी में जन जागरूकता को लेकर दर्जनों छोटे-बढ़े होर्डिंग्स लगाए गए थे। इन होर्डिंग्स को शरारती तत्वों ने उखाड़ दिया है। उधर, डीएसपी पांवटा प्रमोद चौहान ने कहा कि रोड सेफ्टी क्लब पांवटा की शिकायत मिली है। ऐसे शरारती तत्वों के खिलाफ उचित कार्रवाई की जाएगी।