गैराजों में दुकानें चलाने पर भड़की ब्राह्मण सभा
प्रस्ताव पारित कर डीसी से की कार्रवाई की मांग
अमर उजाला ब्यूरो
नाहन (सिरमौर)। श्री ब्राह्मण सभा नाहन ने नगर परिषद के गैराजों में दुकान और गोदाम चलने पर नाराजगी जाहिर की है। शहर की समस्याओं को लेकर सभा की बैठक नाहन में आयोजित की गई। अध्यक्षता सभा के प्रधान सुखदेव शर्मा ने की। बैठक में नाहन की पार्किंग समस्या का मुद्दा छाया रहा। सुखदेव शर्मा ने कहा कि शहर में पार्किंग की भारी कमी चल रही है। लोग अपने वाहन सड़कों पर खड़ा करने को विवश हैं। नगर परिषद ने जो दुकानें गैराज के लिए किराये पर दी हैं, उनमें गाड़ियां पार्क नहीं हो रहीं, बल्कि लोग उनको दुकान और गोदाम बना कर बैठे हैं।
बैठक में उपस्थित सभी सदस्यों ने प्रस्ताव पारित कर उपायुक्त से मामले में आवश्यक कार्रवाई करने की मांग की है। उन्होंने कहा कि ऐसी दुकानों को तुरंत खाली करवाया जाए जो गैराज के लिए लेने के बाद दुकान और गोदामों के रूप में प्रयोग की जा रही हैं। ऐसा करने से शहर में काफी लोगों को वाहन खड़ा करने की सुविधा मिल सकती है। इस अवसर पर सभा प्रधान ने सभी सदस्यों से 15 जुलाई को नाहन में निकाली जा रही श्री भगवान जगन्नाथ रथ यात्रा के स्वागत के लिए शाम चार बजे रघुनाथ मंदिर में पहुंचने की भी अपील की। बैठक में प्रधान सुखदेव शर्मा, बसंत कुमार शर्मा, ब्रह्मदत्त शर्मा, अनिल कुमार शर्मा, अरुण देव शर्मा, प्रकाश दत्त शर्मा, राजेश कौशिक आदि उपस्थित रहे।