अमर उजाला ब्यूरो
कालाअंब (सिरमौर)। औद्योगिक क्षेत्र कालाअंब में दो पहिया वाहन चालकों के लिए सारे नियम बेकार साबित हो रहे हैं। ऐसे बाइक सवारों को न जान जाने की परवाह है न हादसे इनके लिए कोई मायने रखते हैं। हैरानी इस बात की है कि कालाअंब क्षेत्र की सड़कों पर 90 फीसदी बाइक सवार हेलमेट का प्रयोग ही नहीं करते। न ही तेज रफ्तारी पर ऐसे वाहन चालकों की ब्रेक है। कालाअंब-त्रिलोकपुर, एनएच पर प्रतिदिन सैकड़ों दो पहिया वाहन चालक गुजरते हैं। अधिकांश वाहन चालक यातायात नियमों की धज्जियां उड़ा रहे हैं। कई हादसे होने के बाद भी वाहन चालक सबक नहीं ले रहे हैं।
बता दें कि कालाअंब व इसके आसपास के इलाकों में जितनी जानें सड़क हादसों में गई हैं या गंभीर घायल हुए हैं, उनका कारण दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट न पहनना व तेज रफ्तार है। हालांकि, रोड सेफ्टी क्लब व पुलिस विभाग ने दर्जनों बार सड़क सुरक्षा जागरूकता शिविर आयोजित करके लोगों को यातायात के नियमों के बारे में जागरूक किया लेकिन लोगों पर कोई असर नहीं हो रहा।
प्रीतपाल, श्यामलाल, रोहन कुमार, संजीव, करमजीत कौर, रोशनी व रीना ने बताया कि बाइक हो या चार पहिया वाहन। लोग तेज रफ्तार से वाहन चलाने में शान समझ रहे हैं। इससे पैदल चलने वाले राहगीरों व बच्चों को जान का जोखिम उठाकर सड़क पर चलना पड़ रहा है। कालाअंब रोड सेफ्टी क्लब के उपाध्यक्ष सोमनाथ भाटिया ने बताया कि समय-समय पर शिविरों व जागरूकता अभियान के माध्यम से वाहन चालकों को बहुत बार समझाया गया है लेकिन अब सड़क सुरक्षा नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
उधर, डीएसपी हेडक्वार्टर बबीता राणा ने बताया कि यातायात नियमों का उल्लंघन करने पर कालाअंब क्षेत्र में सबसे ज्यादा चालान किए जा रहे हैं। बिना हेलमेट, ट्रिपल सवारी, तेज रफ्तार, शराब पीकर गाड़ी चलाना व बिना सीट बेल्ट के ड्राइव करना आदि शामिल हैं।