अमर उजाला ब्यूरो
नाहन (सिरमौर)। रोड सेफ्टी क्लब नाहन ने नेशनल हाईवे अथॉरिटी से दुर्घटना संभावित क्षेत्रों में पैरापिट लगाने की मांग की है। अपनी इस मांग को लेकर क्लब का एक प्रतिनिधिमंडल बुधवार को क्लब अध्यक्ष विशाल तोमर की अगुवाई में नेशनल हाईवे के अधिशासी अभियंता से मिला।
इस दौरान प्रतिनिधिमंडल ने उन्हें एक ज्ञापन भी सौंपा जिसके माध्यम से उन्होंने नाहन शहर के दुर्घटना संभावित क्षेत्रों में पैरापिट लगाने की मांग की। क्लब के प्रधान विशाल तोमर, असलम खान, धीरज गर्ग, जय प्रकाश, संजय चौहान, दीपक बंसल, प्रवीण शर्मा, प्रदीप विज आदि ने उन्हें बताया कि नाहन शहर व उसके आसपास के कुछ क्षेत्र दुर्घटना की दृष्टि से खतरनाक हो चले हैं जहां पैरापिट भी नहीं है। ऐसे में यहां पैरापिट स्थापित किए जाएं।
उन्होंने कहा कि गोविंदगढ़ मोहल्ले की सड़क भी उबड़-खाबड़ हो चुकी है जिससे कभी भी कोई दुर्घटना घट सकती है। ऐसे में इस सड़क को भी प्राथमिकता के आधार पर ठीक करवाया जाना चाहिए। अधिशासी अभियंता वीके अग्रवाल ने क्लब को आश्वासन दिया कि उनकी मांग को जल्द पूरा किया जाएगा।