नाहन (सिरमौर)।
पंचायतीराज मंत्री वीरेंद्र कंवर ने गणतंत्र दिवस समारोह के पश्चात नाहन के समीप बोगरिया स्थित बालासुंदरी गौसदन का निरीक्षण किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार पशुओं को बेहतर चिकित्सा देने के लिए जल्द ही 109 नंबर वाहन की सुविधा प्रदान करने जा रहा है। इसके बाद पशुपालकों को अपने मवेशियों के इलाज की सुविधा घरद्वार पर ही उपलब्ध हो जाएगी।
उन्होंने कहा कि गौवंश संरक्षण व संवर्धन पर विशेष बल दिया जाएगा। सरकार बेसहारा मवेशियों के लिए गौवंश अभ्यारण्य ( काऊ सेंचुरी ) स्थापित करने पर विचार कर रही है। गौवंश अभ्यारण्य ऐसे क्षेत्रों में स्थापित किए जाएंगे जहां पर कम से कम 40 बीघा भूमि उपलब्ध हो जिसमें मवेशियों के लिए शैड, पानी व चारा की व्यवस्था होने के साथ-साथ मवेशियों को स्वास्थ्य सुविधा भी उपलब्ध हो सके।
उन्होंने कहा कि सभी गौ सदनों को मंदिर न्यास के साथ जोड़ा जाएगा जिसमें लोगों की भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि गौसदन में उत्पन्न जैविक खाद के निष्पादन के लिए किसी फर्म के साथ एमओयू साइन किया जाए ताकि जैविक खाद का कृषि कार्यों में उपयोग हो सके। इस मौके पर विधायक सुरेश कश्यप, किसान मोर्चा के प्रदेशाध्यक्ष बलदेव भंडारी, उपायुक्त सिरमौर ललित जैन सहित अन्य विभागीय अधिकारी उपस्थित थे। इससे पहले सहायक निदेशक पशुपालन विभाग डॉ. नीरू शबनम ने उनका स्वागत किया और गौसदन में चल रही गतिविधियों के बारे में विस्तार से जानकारी दी।
------------