पांवटा साहिब (सिरमौर)। शिमला संसदीय क्षेत्र के सांसद वीरेंद्र कश्यप ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का लक्ष्य कौशल विकास व कुशल युवा रहा है। देश में केवल साढ़े चार फीसदी ही कौशल का आंकड़ा है। केंद्र सरकार ने 17 हजार करोड़ के बजट का प्रावधान कर अलग मंत्रालय भी बनाया है।
पीएम मुद्रा ऋण से कौशल प्रशिक्षण प्राप्त कर युवा खुद की आर्थिक हालत सुधारें व अन्यों को रोजगार देें। जिला सिरमौर को केंद्र सरकार से रेलवे लाइन और पांवटा अस्पताल को ट्रामा सेंटर दिलाना प्राथमिकता है। सांसद वीरवार को प्रधानमंत्री कौशल विकास केंद्र भूपपुर का शुभारंभ करने के बाद जनसभा को संबोधित कर रहे थे।।
पांवटा के विधायक सुखराम चौधरी ने कहा कि अब केंद्र व राज्य में भाजपा सरकार है। विकास का जिम्मा निभाने की बारी अब हमारी है। पांवटा को रेलवे लाइन से जोड़ने व ट्रामा सेंटर दिलाने के लिए सांसद प्राथमिकता में रखवाया जा रहा है। कौशल केंद्र प्रमुख तरुण भाटिया व प्रोजेक्ट हेड अंकित जैन ने कहा कि कौशल केंद्र में इलेक्ट्रीशियन, कंप्यूटर ऑपरेटर, होटल सेल्स एक्टीक्यूटिव, जीएसटी अकाउंटेंट, लैब टेक्नीशियन व सुरक्षा गार्ड का प्रशिक्षण दिया जाएगा। प्रशिक्षण केंद्र में 500 विद्यार्थियों ने प्रवेश ले लिया है। प्रशिक्षण प्राप्त कर युवा रोजगार प्राप्त कर सकेंगे।
भूपपुर में पीएल कौशल विकास केंद्र शुभारंभ अवसर पर सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन हुआ। प्रशिक्षुओं ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। स्वागत गीत व सरस्वती वंदना के बाद भंगड़ा पेश किया गया। सिरमौरी नाटी पर सांसद वीरेंद्र कश्यप और विधायक सुखराम चौधरी खूब झूमे।