अमर उजाला ब्यूरो
कालाअंब (सिरमौर)
औद्योगिक क्षेत्र कालाअंब में रोड सेफ्टी क्लब और पुलिस विभाग की ओर से संयुक्त रूप से जागरूकता शिविर लगाया गया जिसमें वाहन चालकों खासकर दोपहिया वाहन चालकों को यातायात के नियमों की जानकारी दी गई।
शिविर के दौरान क्लब और पुलिस ने हिदायत दी कि यदि यातायात नियमों की अवहेलना की गई तो कानूनी कार्रवाई भी अमल में लाई जाएगी। कालाअंब रोड सेफ्टी क्लब के प्रधान संजय गुप्ता ने बताया कि औद्योगिक क्षेत्र में लोगों को यातायात नियमों की जानकारी दी गई। साथ ही नियमों का पालन करने की अपील भी की गई।
उन्होंने बताया कि दोपहिया वाहन चालकों को हेल्मेट पहनने, तेज गति से न चलने, दो से ज्यादा सवारी न बिठाने तथा चौपहिया वाहन चालकों को सीट बेल्ट प्रयोग करने व शराब पीकर गाड़ी न चलाने आदि के बारे में बताया गया। सड़क हादसों को रोकने के लिए लोगों से सहयोग देने को कहा गया है। इस दौरान परिवहन विभाग से पूनम ठाकुर, रोड सेफ्टी क्लब के उपाध्यक्ष सोमनाथ भाटिया, कालाअंब पुलिस थाना प्रभारी संजय कुमार, यातायात प्रभारी ओमपाल आदि भी उपस्थित थे।
--------------------