भू मालिक ने उपायुक्त, एसपी और अरण्यपाल से की शिकायत
वन विभाग और पुलिस की कार्यप्रणाली पर उठाए सवाल
वन व पुलिस विभाग एक-दूसरे की जिम्मेवारी का हवाला देकर झाड़ रहे पल्ला
संवाद न्यूज एजेंसी
नाहन (सिरमौर)। शिलाई के बाद अब त्रिलोकपुर के भंडारीवाला गांव में खैर के पेड़ों के अवैध कटान का मामला सामने आया है। यहां जंगल झाड़ी किस्म की भूमि से 37 पेड़ काटे जाने को लेकर शिकायत की गई है।
शिकायत के बाद वन और पुलिस विभाग एक-दूसरे की जिम्मेदारी का हवाला देते हुए एक सप्ताह से अधिक समय से कोई ठोस कार्रवाई नहीं कर रहे हैं। आखिरकार पीड़ित ने सोमवार को उपायुक्त को शिकायत सौंपी है। शिकायत में उचित कार्रवाई की मांग उठाई गई है।
शिकायत में सतपाल पुत्र आत्मा राम निवासी भंडारीवाला, त्रिलोकपुर ने बताया कि राजस्व रिकॉर्ड में जंगल झाड़ी के रूप में दर्ज भूमि से करीब 37 खैर के पेड़ अवैध रूप से काट दिए गए हैं। शिकायतकर्ता का कहना है कि उसके भाई और भतीजे ने यह कटान 1 से 3 मई 2026 के बीच किया। हैरानी की बात यह है कि जब इसकी शिकायत 4 मई को वन विभाग त्रिलोकपुर से की गई, तो उन्होंने मामला पुलिस का बताकर पल्ला झाड़ लिया। जब कालाअंब थाना में शिकायत दी गई, तो वहां से इसे वन विभाग का मामला बताकर वापस भेज दिया गया। हालांकि वन विभाग ने इस दौरान मौके से खैर के 56 नग अपने कब्जे में लेकर कार्यालय में रख लिए हैं।
शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया है कि एक सप्ताह बीत जाने के बाद भी किसी विभाग ने कोई ठोस कदम नहीं उठाया है। इससे अधिकारियों की मिलीभगत का अंदेशा होता है। उन्होंने कहा कि इस मामले में आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की जानी चाहिए और नियमानुसार उचित कार्रवाई की जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि यह भूमि भाइयों के हिस्से की है, लेकिन भूमि की किस्म जंगल झाड़ी है। ऐसे में यहां से पेड़ों का कटान नियमानुसार नहीं हो सकता। इस प्रकार की भूमि पर वन नियम लागू होते हैं।
शिकायतकर्ता ने बताया कि जब एक सप्ताह तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई, तो उन्होंने उपायुक्त, वन विभाग के अरण्यपाल तथा पुलिस अधीक्षक सिरमौर को भी शिकायत भेजी और उचित कार्रवाई की गुहार लगाई।
त्रिलोकपुर में खैर कटान को लेकर एक व्यक्ति की ओर से शिकायत सौंपी गई है। शिकायत पर उचित कार्रवाई की जाएगी।
-प्रियंका वर्मा, उपायुक्त सिरमौर
विभाग को पेड़ कटान को लेकर शिकायत दी थी। खैर कटान को लेकर किसी प्रकार की अनुमति नहीं ली गई थी। ऐसे में कार्रवाई करते हुए 4 मई को मौके से 56 नग खैर की लकड़ी कब्जे में ले ली गई थी। भूमि मुश्तरका है और उसकी तक्सीम भी नहीं हुई है। ऐसे में मामले में कार्रवाई के लिए पुलिस को शिकायत भेजी गई थी, लेकिन वह वापस कर दी गई। इस मामले में जांच, भूमि की निशानदेही और अन्य कार्रवाई की जाएगी।
-हर्षवर्धन सिंह, आरओ, वन विभाग त्रिलोकपुर
त्रिलोकपुर में अवैध खैर कटान को लेकर शिकायत मिली है। शिकायत पर उचित कार्रवाई को लेकर पुलिस थाना कालाअंब को निर्देश दिए गए हैं।
-एनएस नेगी, एसपी
त्रिलोकपुर में काटे गए पेड़। स्रोत शिकायतकर्ता
त्रिलोकपुर में काटे गए पेड़। स्रोत शिकायतकर्ता