मौके पर निपटाए 20 इंतकाल, 15 प्रमाण पत्र व 10 एफिडेविट भी जारी
संवाद न्यूज एजेंसी
ददाहू (सिरमौर)। सरकारी दफ्तरों के चक्कर काटने के बजाय गुरुवार को सरकार ग्रामीणों की चौखट तक पहुंची। श्री रेणुकाजी विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत कोटी धीमान में आयोजित ‘सरकार गांव के द्वार’ कार्यक्रम में ग्रामीणों ने मंत्री और प्रशासन के समक्ष अपनी समस्याएं व मांगें रखीं। इस दौरान 20 इंतकाल, 10 एफिडेविट और 15 विभिन्न प्रमाण पत्र मौके पर जारी किए गए। कार्यक्रम में छह शिकायतें और 37 मांगें भी प्राप्त हुईं, जिनमें अधिकतर सड़क और बिजली से संबंधित थीं। संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
कार्यक्रम की अध्यक्षता उद्योग, संसदीय कार्य, श्रम एवं रोजगार मंत्री हर्षवर्धन चौहान ने की। उन्होंने कहा कि ‘सरकार गांव के द्वार’ कार्यक्रम जनता और सरकार के बीच संवाद व सहभागिता का प्रभावी माध्यम है। ऐसे कार्यक्रमों से ग्रामीण क्षेत्रों की वास्तविक जरूरतों और समस्याओं की जानकारी मिलती है, जिससे विकास योजनाओं को आगे बढ़ाने में मदद मिलती है। स्वास्थ्य विभाग की ओर से 49 लोगों की निशुल्क स्वास्थ्य जांच कर दवाइयां वितरित की गईं।
श्री रेणुकाजी विधानसभा क्षेत्र के विधायक विनय कुमार ने कहा कि कोटी धीमान में कार्यक्रम आयोजित करने का उद्देश्य रेणुकाजी क्षेत्र के दूरदराज इलाकों सहित सात पंचायतों के लोगों को सरकार और प्रशासन के साथ सीधे संवाद का अवसर उपलब्ध करवाना है।
इस अवसर पर उपायुक्त प्रियंका वर्मा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नरेंद्र कुमार, नाहन के एसडीएम राजीव सांख्यान, जिला विकास अधिकारी विक्रम ठाकुर, ददाहू के खंड विकास अधिकारी दर्शन पुंडीर, पंचायती राज संस्थाओं के प्रतिनिधि और विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।