अमर उजाला ब्यूरो
पांवटा साहिब (सिरमौर)। पांवटा साहिब के किशनपुरा में बिजली लाइन की मरम्मत के दौरान करंट की चपेट में आने से एक कर्मचारी बुरी तरह झुलस गया है। घायलावस्था में उसे तत्काल उपचार के लिए सिविल अस्पताल पांवटा पहुंचाया गया। यहां से उसे नाहन मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया लेकिन, वहां से परिजन उसे पीजीआई चंडीगढ़ ले गए हैं।
जानकारी के मुताबिक जामनीवाला क्षेत्र के खारा निवासी सतार अली (25) पुत्र हसमत अली अपने अन्य साथी के साथ शुक्रवार को किशनपुरा में बिजली के खंभे पर चढ़कर बिजली लाइन की मरम्मत कर रहे थे। इसी दौरान वह करंट की चपेट में आकर पोल के नीचे गिर गया। उसके साथ कार्य कर रहे साथियों ने ग्रामीणों की मदद से उसे तुरंत पांवटा अस्पताल पहुंचाया। इस बीच जानकारी मिलने पर बिजली बोर्ड के अधिशासी अभियंता और सहायक अभियंता भी अस्पताल पहुंच गए। अस्पताल में घायल को प्राथमिक उपचार देने के बाद नाहन उसे मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया। घायल के परिजन उसे पीजीआई चंडीगढ़ ले गए। अस्पताल के वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. केएल भगत ने कहा कि करंट से झुलसे कर्मी सतार अली करीब 36 फीसदी झुलस गए हैं। उधर, डीएसपी पांवटा सोमदत्त ने कहा कि पुलिस मामले की जांच कर रही है।