नाहन (सिरमौर)। डॉ. वाईएस परमार पीजी कॉलेज नाहन में रोजगार मेला आयोजित किया जा रहा है। रोजगार मेले में देश की नामी कंपनियां युवाओं के साक्षात्कार लेंगी। इसके बाद उनको मौके पर ही नौकरी के लिए चयनित किया जाएगा।
कॅरिअर गाइडेंस सेल के कन्वीनर डॉ. नीलकांत ने कहा कि नाहन कॉलेज में पहली बार दो दिवसीय रोजगार मेला आयोजित किया जा रहा है। मेले का शुभारंभ 15 मार्च को होगा। जबकि समापन 16 मार्च को होगा। उन्होंने बताया कि दो दिन चलने वाले रोजगार मेले में देश की एक दर्जन से अधिक नामी कंपनियां अपनी उपस्थिति दर्ज करेंगी। इन कंपनियों में एलआईसी, बिग बाजार देहरादून, पोली फिल्मस देहरादून, सूर्या लक्ष्मी, रिलायंस सहित अन्य कंपनियां शामिल हैं। उन्होंने बताया कि रोजगार मेले में वे युवा जो बीए और एमए कर चुके हैं, इसमें शामिल हो सकते हैं। उन्होंने बताया कि रोजगार मेले की बाबत अन्य कॉलेजों को भी पत्र लिखा जा चुका है। ताकि कॉलेजों में पढ़ रहे या पढ़ चुके विद्यार्थी भी इसमें शामिल होकर रोजगार प्राप्त कर सकें।