शिलाई में नौजवान सभा ने तोड़ा क्रमिक अनशन
डीवाईएफआई ने रैली निकालकर की नारेबाजी
अमर उजाला ब्यूरो
शिलाई (सिरमौर)। शिलाई में जन एकता अधिकार आंदोलन के बैनर तले चल रही नौजवान सभा की क्रमिक भूख हड़ताल शुक्रवार को 11वें दिन संपन्न हो गई। शिलाई थाना प्रभारी अशोक नेगी, शिलाई पंचायत के प्रधान देवेंद्र धीमान, पूर्व जिला परिषद सदस्य रणजीत नेगी तथा दीप चंद तोमर ने अनशन पर बैठी कामरेड प्रीति ठाकुर और उर्मिला विरसांटा को जूस पिलाकर अनशन खत्म कराया। इसके बाद डीवाईएफआई ने शिलाई में रैली निकालकर नारेबाजी भी की।
गौरतलब है कि समस्याओं को लेकर डीवाईएफआई के सदस्य शिलाई में अनशन पर बैठे थे। वीरवार को प्रशासन के साथ हुई बैठक में प्रशासन ने कुछ मांगें मान लीं तथा कुछ मांगों को उपायुक्त सिरमौर के माध्यम से प्रदेश सरकार को भेजने का आश्वासन दिया। आंदोलन के बाद बाजार के सार्वजनिक शौचालय में लगे ताले खुलवा दिए गए हैं। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र शिलाई में ओपीडी भवन का निर्माण जल्द आरंभ हो जाएगा। शिलाई क्षेत्र के लिए पथ परिवहन निगम की बसें चलाई जाएंगी तथा क्षेत्र में पेयजल किल्लत से निजात दिलाने के लिए जल्द रणनीति बनाई जाएगी। अनशन खत्म करने के बाद कार्यकर्ताओं ने शिलाई बाजार में एक जुलूस निकाला तथा अपनी 26 सूत्री मांगों का ज्ञापन एसडीएम सिलाई को सौंपा। इस रैली में जनवादी नौजवान सभा की प्रदेश उपाध्यक्ष अभय धामटा, जिला सिरमौर सीटू के अध्यक्ष लाल सिंह चौहान, कामरेड टेकचंद, कामरेड सुरेंद्र गिरी, बलदेव चौहान के अतिरिक्त पारो देवी, रुकमणी देवी, मनीषा, नीलम, सावित्री, संतोष, पानो देवी, कल्पना चौहान, रक्षा देवी, श्यामा देवी, सावित्री, सुमित्रा, निशा देवी, गुड्डी देवी, प्रतिभा चौहान, सुमित्रा चौहान सहित सैकड़ों प्रदर्शनकारी मौजूद रहे।