नौहराधार (सिरमौर)।
डीएवी पब्लिक स्कूल नौहराधार में रविवार को 29वां स्थापना दिवस मनाया गया। कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि पहुंचे नरेश चंद वर्मा ज्वेलर्स सोलन ने दीप प्रज्वलित कर समारोह का शुभारंभ किया। इस मौके पर स्कूली बच्चों ने सरस्वती वंदना के साथ स्वागत गीत पेश किया। इसके बाद एक के बाद एक रंगारंग कार्यक्रम पेश कर छात्र कलाकारों ने समारोह को चार चांद लगा दिए। इससे पूर्व प्रिंसिपल सुरेंद्र चौहान ने वार्षिक प्रतिवेदन पेश कर स्कूल की उपलब्धियों पर प्रकाश डाला।
इस अवसर पर 10वीं कक्षा के छात्रों ने ‘प्रेम रत्न धन पायो’ गीत पर बेहतरीन नृत्य पेश किया। छठी कक्षा के छात्रों ने गोविंदा फनी डांस पर खूब तालियां बटोरीं। 10वीं कक्षा की छात्राओं ने पहाड़ी गानों पर रासा नृत्य पेश कर दर्शकों की खूब वाहवाही लूटी। बता दें कि इस स्कूल पर किसी एक का आधिपत्य नहीं है। यह जिला का ऐसा स्कूल है जिसे स्थानीय लोकल कमेटी चला रही है। स्कूल का सारा कार्य प्रबंधन कमेटी ही देखरेख में ही होता है। इस पाठशाला से डॉक्टर, इंजीनियर व फ्लाइंग ऑफिसर निकले हैं। लिहाजा, स्कूल के स्थापना दिवस पर पुराने स्टूडेंट्स को भी समारोह का हिस्सा बनाया जाता है।
पारितोषिक समारोह में शैक्षणिक गतिविधियों के लिए पहली से 10वीं कक्षा के अनिशा, चिराग, जतिन, सुहानी, जिया, दीक्षिका, आशना, अमन, सूर्यांश, आर्यन, वैष्णवी, आरुषि, आस्था, अदिति, ज्योति, व्योम, सिमरन, गाथिका व सिमरन को पुरस्कार प्रदान किए गए। इसके अलावा खेलकूद प्रतियोगिता में जिला स्तर, राज्य स्तर की प्रतियोगिताओं में खेले बच्चों को भी पुरस्कृत किया गया।
समारोह के मुख्य अतिथि ने बच्चों को ऐच्छिक निधि से 31 हजार रुपये भेंट स्वरूप दिए। इस मौके पर एसएमसी अध्यक्ष नरेंद्र चौहान, उपप्रधान सुरेश, बॉबी, सुदर्शन चौहान, रविंद्र चौहान, रण विजय, मोरध्वज चौहान के अलावा बच्चों के अभिभावक भी उपस्थित रहे।
--------------