अमर उजाला ब्यूरो
पांवटा साहिब (सिरमौर)।
पांवटा उपमंडल में पॉलिथीन उन्मूलन को लेकर प्रशासन गंभीर कदम उठाने जा रहा है। इसके लिए विभिन्न विभागों व स्थानीय संस्थाओं के साथ मिलकर संयुक्त अभियान चलेगा। पांवटा में ठोस कूड़ा संयंत्र बनाने के लिए उचित भूमि तलाशी जाएगी। शुक्रवार को पांवटा प्रशासन के साथ विभिन्न विभागों व संस्थाओं के प्रतिनिधियों की बैठक में एसडीएम लायक राम वर्मा ने यह जानकारी दी।
एसडीएम ने बैठक में कहा कि शहर में व्यापारियों को पॉलिथीन के दुष्प्रभाव के बारे में जागरूक किया जाएगा। बाहरी राज्यों से आ रहे पॉलिथीन को पूर्ण रूप से बंद किया जाएगा। यदि कोई व्यापारी इस पर अमल नहीं करेगा तो कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
एसडीएम पांवटा ने राजस्व विभाग को आदेश दिए कि पांवटा में ठोस कूड़ा कचरा संयंत्र बनाने के लिए खाली भूमि की रिपोर्ट बनाई जाए। बैठक में सरकारी विभाग के अधिकारियों व सामाजिक संस्था सीपीजीपी व व्यापार मंडल की एक समन्वय समिति का गठन किया गया।
इस अवसर पर समाजसेवी व सीपीजीपी के संयोजक आरपी तिवारी, व्यापार मंडल अध्यक्ष अनिंद्र सिंह नौटी, चैंबर ऑफ कॉमर्स के अध्यक्ष सतीश गोयल, प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के अधिशासी अभियंता एके शारदा, नगर परिषद अध्यक्ष कृष्णा धीमान, खाद्य एवं आपूर्ति निरीक्षक श्याम भाटिया, नप ईओ एसएस नेगी, निहाल सिंह व लाज राणा समेत विभिन्न विभागों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।