अमर उजाला ब्यूरो
ददाहू (सिरमौर)।
राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला ददाहू से दो प्रवक्ताओं को डेपुटेशन पर किसी अन्य स्कूल में भेजने के फरमानों से अभिभावक बिफर गए हैं। मंगलवार को एसएमसी ने स्कूल में आपात बैठक का आयोजन कर इन प्रतिनियुक्ति आदेशों को रद्द करने की मांग की है।
राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला ददाहू में जमा एक जमा दो में पढ़ने वाले बच्चों की संख्या 392 है लेकिन यहां से अंग्रेजी व इतिहास विषय के एक-एक प्रवक्ता की प्रतिनियुक्ति सैनधार के बोगली खेच स्कूल में करने के फरमान जारी कर दिए हैं।
हालांकि इतिहास विषय के ददाहू स्कूल में दो प्रवक्ता हैं लेकिन अंग्रेजी विषय का एक ही प्रवक्ता तैनात है। ऐसे में अभिभावकों ने शिक्षा विभाग के फरमान के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। इस स्कूल में पढ़ने वाले बच्चों की संख्या आसपास के सभी वरिष्ठ स्कूलों से सर्वाधिक है। अभिभावकों का कहना है कि दो माह बाद वार्षिक परीक्षाएं हैं और विभाग ने अंग्रेजी विषय के एकमात्र प्रवक्ता की भी प्रतिनियुक्ति पर भेजने के आदेश पारित किए हैं। ऐसे में बच्चों का भविष्य अंधकार में लटक जाएगा।
अभिभावकों व एसएमसी ने अंग्रेजी विषय के प्रवक्ता को ददाहू स्कूल से भेजने के लिए साफ इनकार कर दिया है। एसएमसी ने प्रस्ताव पारित करके शिक्षा विभाग को भेज दिया है। उधर, स्कूल के प्रधानाचार्य सुनील शर्मा ने बताया कि अंग्रेजी व इतिहास विषय के दो प्रवक्ताओं के प्रतिनियुक्ति आदेश प्राप्त हुए हैं लेकिन अभिभावकों व एसएमसी के बढ़ते दबाव के चलते अभी प्रवक्ताओं को रिलीव नहीं किया गया है। एसएमसी ने प्रतिनियुक्ति आदेशों को रद्द करने की मांग की है। इसको लेकर प्रस्ताव पारित करके उच्च शिक्षा निदेशक को भेज दिया है।
-----------