अमर उजाला ब्यूरो
ददाहू (सिरमौर)। रेणुकाजी तीर्थ स्थित निर्वाण आश्रम के महंत महात्मा गोविंद मुनि जी की निर्वाण की पांचवीं तिथि क्षेत्र में बुधवार को बड़ी श्रद्धा व उत्साह के साथ मनाई गई। इस दौरान आश्रम में एक श्रद्धांजलि सभा का भी आयोजन किया गया जिसमें श्रद्धालुओं ने महंत गोविंद मुनि निर्वाण को श्रद्धांजलि अर्पित कर उनकी यादों को ताजा किया।
इस दौरान श्रद्धालुओं के अतिरिक्त संत महात्मा भी उपस्थित रहे। इस श्रद्धांजलि सभा की अध्यक्षता संचालक स्वामी रेणेन्द्र मुनि ने की। उन्होंने कहा कि महंत गोविंद मुनि ने अपनी साधना व तपस्या के प्रभाव से रेणुका जी तीर्थ की जमकर सेवा की थी।
अध्यात्म जगत में की गई उनकी सेवाओं को कभी भुलाया नहीं जा सकेगा।
इससे पूर्व महंत गोविंद मुनि जी निर्वाण की प्रतिमा पर जलाभिषेक व पुष्प वर्षा करके इस श्रद्धांजलि सभा का शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर विशाल भण्डारे का आयोजन भी किया गया जिसमें भारी संख्या में श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया।
इस मौके पर महंत मोहनपुरी, माताराम मुनि, सुखराम मुनि, बुद्ध मुनि व इतवार मुनि सहित श्रद्धालुगण एवं महात्माजन उपस्थित रहे।
---