न बस मेला स्थल तक पहुंची, न पुल हुआ तैयार
अंतरराष्ट्रीय रेणुका मेले के पहले ही दिन अव्यवस्थाओं का आलम
रेणुका विकास बोर्ड के दावों की पहले दिन निकली हवा
अमर उजाला ब्यूरो
ददाहू (सिरमौर)।
अंतरराष्ट्रीय रेणुका मेले के पहले ही दिन व्यवस्थाएं चरमरा गई। निगम की कोई भी बस यात्रियों को लेकर मेलास्थल तक नहीं पहुंची जिस कारण मेले में आए लोगों को भारी परेशानी झेलनी पड़ी। यात्रियों को मेला स्थल तक करीब दो किमी का सफर पैदल तय करना पड़ा।
रेणुका विकास बोर्ड ने मेले के दौरान ददाहू से लेकर रेणुका जी तीर्थ तक यात्रियों के लिए मुफ्त बस सेवा शुरू करने का दावा किया था लेकिन पहले दिन इस तरह की कोई भी सुविधा यात्रियों को नहीं मिल पाई। वहीं गिरिनदी पर अस्थायी पुल का निर्माण भी सोमवार शाम तक पूरा न हो सका।
उधर, एसडीएम नाहन कृतिका कुल्हारी ने कहा कि बस सेवा न चलने की उनके पास कोई जानकारी नहीं है। आरएम से इस बारे में जवाब लिया जाएगा तथा मंगलवार से बसों को नियमित मेला स्थल तक भेजा जाएगा।
--बाक्स
कांग्रेस प्रत्याशी ने नवाया शीश
रेणुका विकास बोर्ड के अध्यक्ष रहे निवर्तमान सीपीएस व रेणुका से कांग्रेस प्रत्याशी विनय कुमार ने रेणुका मेले में भगवान परशुराम की चढ़ती पालकी के दर्शन पाकर उनसे आशीर्वाद प्राप्त किया। वह ददाहू के खेल मैदान में विशेषतौर पर देवताओं के दर्शन करने पहुंचे थे। निवर्तमान सीपीएस प्रोटोकॉल के अनुसार मेले के मुख्यातिथि उपायुक्त से पहले ही देवताओं के दर्शन पाकर लौट गए। इस दौरान उनके कुछ समर्थक भी उनके साथ मौजूद रहे।
---
हलवे की छबील ने दिया सहारा
रेणुका मेले में पधारे मेलार्थियों की सेवा के लिए नवयुवक मंडल ददाहू ने ददाहू के खेल मैदान में हलवे की छबील लगाकर हजारों मेलार्थियों को हलवे का प्रसाद वितरित किया। उनके लिए पीने के पानी की व्यवस्था भी की जिससे मेले में आए लोगों को भारी राहत पहुंची।
--
-योगेंद्र अग्रवाल-तन्हा