ददाहू (सिरमौर)। अंतरराष्ट्रीय श्री रेणुका जी मेले के आयोजन को लेकर मेला मैदान में प्लॉट बेचने का सिलसिला सोमवार को भी जारी रहा। सोमवार को रेणुका विकास बोर्ड को प्लॉट बेचने से 40 लाख रुपये की आय हुई। प्लॉट लेने को लेकर आज फिर व्यापारियों ने खुले दिल से बोली लगाई।
सोमवार को बिके प्लॉटों के बाद पहली पंक्ति के 341 प्लाटों में से 325 प्लॉट बिक गए। अब इस पंक्ति के मात्र 16 प्लॉट ही बिकने शेष रह गए हैं जिन्हें मंगलवार तक बेच दिए जाने की उम्मीद है।
बता दें कि मेला प्रबंधन ने इस बार मेला मैदान में 650 प्लॉट तैयार किए हैं जिसमें अगली पंक्ति में तैयार किए गए 341 प्लॉटों को बोली के आधार पर दिया जा रहा है। जबकि पिछली पंक्ति के 309 प्लॉटों के लिए न्यूनतम दर रखी हुई है। इसके अलावा प्रदर्शनी मैदान में तैयार किए 27 प्लॉटों में से भी 4 प्लॉट बिक चुके हैं।
मेला अधिकारी एवं ददाहू के तहसीलदार देवी सिंह कौशल ने बताया कि सोमवार तक 325 प्लॉट बिक चुके हैं। प्लॉट आवंटन से बोर्ड को 40 लाख रुपये का राजस्व प्राप्त हुआ है। सभी प्लॉट बोली के आधार पर दिए जा रहे हैं। व्यापारी स्वयं ही बढ़चढ़ कर बोली लगा रहे हैं। प्लॉट आवंटन की प्रक्रिया 28 अक्तूबर तक जारी रहेगी।
इस दौरान कानूनगो केआर भारद्वाज, हीरा सिंह चौहान, धर्म दत्त, अशोक पंवार सहित राजस्व व रेणुका विकास बोर्ड के अन्य अधिकारी व कर्मचारी भी मौजूद थे।