नाहन (सिरमौर)। प्री मानसून के मद्देनजर जिला प्रशासन ने आपदा प्रबंधन को लेकर तैयारियां शुरू कर दी है। इसके तहत जिला और उपमंडल स्तर पर कंट्रोल रूम स्थापित किए गए हैं। किसी आपदा की स्थिति में जिला स्तर पर 1077 नंबर पर कॉल कर सहायता ली जा सकती है। शुक्रवार को उपायुक्त बीसी बडालिया की अध्यक्षता में हुई बैठक में आपदा प्रबंधन की तैयारियों को लेकर मंथन किया गया।
बारिश के दिनों में लोनिवि, विद्युत, आईपीएच, स्वास्थ्य विभाग, खाद्य एवं आपूर्ति विभाग तथा जिला में कार्यरत राजस्व अधिकारी व कर्मचारी लंबी छुट्टी पर नहीं जाएंगे। उपायुक्त बीसी बडालिया ने बैठक की अध्यक्षता करते हुए सख्त आदेश दिए। उन्होंने सभी विभागों को आपदा से निपटने के लिए हर समय तैयार रहने के भी निर्देश दिए। लोनिवि को निर्देश दिए कि संवेदनशील स्थलों पर समय रहते आवश्यक मरम्मत की जाए। मशीनरी व श्रम शक्ति हर समय तैयार रखने के भी निर्देश दिए। बिजली बोर्ड को बिजली लाइनों की मरम्मत समय पर करने के साथ ही उन्होंने आईपीएच विभाग को निर्देश दिए कि सभी पेयजल योजनाओं का रख-रखाव प्राथमिकता के आधार पर किया जाए। इसी प्रकार स्वास्थ्य विभाग को सभी केंद्रों में जीवन रक्षक दवाइयां उपलब्ध करवाने और खाद्य एवं आपूर्ति विभाग को दुर्गम क्षेत्रों में राशन का स्टॉक पहुंचाने के आदेश दिए गए हैं। उन्होंने पुलिस व होमगार्ड के अधिकारियों को निर्देश दिए कि बरसात के दौरान किसी भी प्रकार की आपदा से निपटने के लिए सुरक्षा बल के जवानों को तैयार रखा जाए। ग्रामीण क्षेत्र के लोगों के अतिरिक्त स्वयंसेवी संस्थाओं, स्कूली बच्चों और युवा क्लबों के सदस्यों को मॉकड्रिल कर प्रशिक्षण दिया जाएगा।
यमुना और गिरि नदी पर लगेंगे साइन बोर्ड
बैठक में डीसी ने एसडीएम को निर्देश दिए कि यमुना तथा गिरि नदी के करगानू गौड़ा और ददाहू में साइन बोर्ड लगाए जाएं। ताकि बाढ़ के दौरान कोई अनहोनी घटना न हो। उन्होंने गोताखोरों को भी बरसात के दौरान अनुबंधित करने को कहा।
यह रहेंगे कंट्रोल रूम
उपमंडल मुख्यालय में स्थापित किए गए कंट्रोल रूम में पांवटा साहिब में 01704-224100, शिलाई में 01704-278534, राजगढ़ में 01799-221034, नाहन में 01702-226568 और संगड़ाह में 01702-248137-248004 नंबर पर फोन किया जा सकता है। जबकि जिला स्तर पर 1077 नंबर फोन पर 24 घंटे फोन किया जा सकता है।