बारिश से गिरि नदी के जलस्तर में हुई वृद्धि
संवाद न्यूज एजेंसी
ददाहू (सिरमौर)। शुक्रवार को हुई एक दिन की बारिश के चलते जहां जनजीवन अस्त-व्यस्त होकर रह गया, वहीं गिरिनगर स्थित विद्युत गृह में उत्पादन बढ़कर दोगुना हो गया। इसके चलते बिजली बोर्ड को बड़ी राहत मिली है। लंबे समय से लगातार सूखा पड़ने के कारण उत्पादन मात्र 13 से 16 मेगावाट के बीच ही सिमटा हुआ था।
शुक्रवार को हुई व्यापक बारिश के बाद यह 31 मेगावाट तक पहुंच गया है। हालांकि विद्युत पावर हाऊस में इन दिनों एक टरबाइन मशीन से ही काम लिया जा रहा है। इससे शत-प्रतिशत 30 की बजाय 31 मेगावाट उत्पादन लिया जा रहा है। जबकि दूसरी टरबाइन मशीन को मरम्मत के चलते बंद रखा गया है।
शनिवार दोपहर बाद मात्र एक टरबाइन मशीन ने 31 मेगावाट उत्पादन किया। वर्षा के चलते शनिवार को गिरि नदी का जलस्तर 40.90 क्यूमेक्स दर्ज किया गया, जबकि 30 मेगावाट उत्पादन के लिए मात्र 23.4 क्यूमेक्स पानी की ही आवश्यकता है।
गिरि जल विद्युत परियोजना के आरई अशोक रुपता ने बताया कि वर्षा के कारण उत्पादन बढ़कर 31 मेगावाट पर पहुंच गया है। उन्होंने कहा कि वर्षा का क्रम जारी रहा तो उत्पादन स्थिर रहने की पूरी संभावना है।
संवाद