बस से बरामद की 30 बोतलें अंग्रेजी शराब
संवाद न्यूज एजेंसी
कालाअंब (सिरमौर)। औद्योगिक क्षेत्र कालाअंब पुलिस ने 30 बोतलें अंग्रेजी शराब बरामद करने में सफलता हासिल की है। हालांकि, इस मामले में कोई गिरफ्तारी नहीं हो पाई है लेकिन पुलिस ने शराब को जब्त कर लिया है। पुलिस से प्राप्त जानकारी के मुताबिक कालाअंब स्थित टोल नाके पर चंडीगढ़ से देहरादून जा रही उत्तराखंड की बस की जांच की गई। जांच के दौरान बस में खाली सीटों पर 2 बैग रखे हुए पाए गए, जिन्हें खोल कर देखा तो उनमें 30 बोतल अंग्रेजी शराब चंडीगढ़ ब्रांड की पाई गईं।
आसपास बैठे यात्रियों से पूछताछ करने पर सभी ने दोनों बैग के बारे अनभिज्ञता जताई। लिहाजा, पुलिस ने उक्त दोनों बैग में रखी शराब की 30 बोतलों को जब्त कर मामला दर्ज कर लिया है। थाना प्रभारी एमएस चौहान ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि उक्त मामले में तफ्तीश की जा रही है।