सड़कों के डंगे, सुरक्षा दीवारें ध्वस्त, कई क्षेत्रों में सड़कें हुईं बदहाल
बरसात में क्षति की रिपोर्ट बनाकर प्रदेश सरकार को भेजी : दलीप तोमर
संवाद न्यूज एजेंसी
पांवटा साहिब (सिरमौर)। भारी बरसात के चलते इस बार लोक निर्माण विभाग को 22 करोड़ की क्षति पहुंची है। कई जगहों पर सड़कों की हालत काफी बिगड़ गई है। सुरक्षा दीवारें टूटीं और ग्रामीण क्षेत्रों की सड़कों पर गहरे गड्ढे हादसों को न्योता दे रहे हैं।
बता दें कि लोक निर्माण विभाग के पांवटा मंडल को इस बरसात में भारी नुकसान हुआ है। क्षेत्र के तहत आने वाली सभी सड़कों को यातायात के लिए तो बहाल कर दिया गया है लेकिन बरसात के चलते कई स्थानों पर सड़कें बुरी तरह से ध्वस्त हुईं हैं, जहां पर वैकल्पिक मार्गों से आवागमन सुचारू बनाया गया है।
इसके अलावा सुरक्षा दीवारें डंगे ढहने के बाद सड़कों को नुकसान पहुंचा है। भारी बरसात के बाद लोक निर्माण विभाग पांवटा साहिब को 22 करोड़ रुपये से अधिक का नुकसान उठाना पड़ा है। विभाग की सड़कें कई स्थानों पर जहां पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हुईं हैं।
लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता दलीप सिंह तोमर ने बताया कि अभी तक बरसात से विभाग को करीब 22 करोड़ रुपये की क्षति पहुंची है। सड़कों की हालत सुधारने के लिए क्षति की रिपोर्ट तैयार कर प्रदेश सरकार और विभाग को भेज दी गई है।
संवाद