नाहन/पांवटा साहिब (सिरमौर)। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद ने जनपद सिरमौर के विभिन्न कॉलेजों में हाथों में तिरंगा लेकर मार्च निकाला। भारतीय सेना की हौसला आफजाई के लिए निकाी तिरंगा यात्रा में एबीवीपी के सैकड़ों छात्रों ने हिस्सा लिया।
डॉ. वाईएस परमार राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय नाहन में एबीवीपी कार्यकर्ताओं ने तीन किलोमीटर तक तिरंगा यात्रा निकाली। शहर के जडजा में चल रहे पीजी कॉलेज परिसर से शुरू हुई यात्रा बनोग, आईटीआई, गुन्नूघाट होते हुए दिल्ली गेट पहुंची। इस मौके पर छात्रों ने पाकिस्तान मुर्दाबाद, जैश-ए-मोहम्मद मुर्दाबाद के नारे लगाए। साथ ही जय हिंद, भारत माता की जय जैसे उद्घोष के साथ भारतीय सेना का हौसला बढ़ाया।
उधर, पांवटा साहिब स्थित श्री गुरु गोविंद सिंह राजकीय महाविद्यालय की एबीवीपी इकाई ने भी तिरंगा यात्रा निकाली। इस दौरान भारत माता की जय व पाकिस्तान मुर्दाबाद के नारे लगाए गए। कॉलेज से लेकर पांवटा में शहीद स्मारक तक तिरंगा यात्रा निकाली गई। आतंकी हमलों में शहीद वीर जवानों को श्रद्धांजलि दी गई। इस अवसर पर एबीवीपी के छात्र नेता गुरदीप सिंह लाडी, हर्ष चौधरी, रिया मेहता, योगराज, विजय चौधरी, मोहित चौधरी, मीना राणा, रजत चौहान, अखिल शर्मा, सुशील कुमार राणा, विजय चौधरी व रेखा चौधरी आदि मौजूद रहे।