अमर उजाला ब्यूरो
नाहन (सिरमौर)। स्थानीय कॉलेज के पास शरारती तत्वों ने आजकल हुड़दंग मचा रखा है। ये मनचले छात्राओं को आते-जाते भद्दे कॉमेंट्स करने से बाज नहीं आ रहे हैं। इससे खफा अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद ने अपने तेवर तल्ख कर लिए हैं। संगठन की नाहन इकाई ने जिला पुलिस से ऐसी घटनाओं पर विराम लगाने की मांग की है। इस मांग को लेकर एबीवीपी का एक प्रतिनिधिमंडल बुधवार को एसपी कार्यालय पहुंचा और एएसपी को ज्ञापन सौंपा।
प्रतिनिधिमंडल में शामिल एबीवीपी के सोलन विभाग के संयोजक अमित ठाकुर, प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य अक्षय सिंघानिया, नाहन छात्रा इकाई की प्रमुख करुणा शर्मा, नीरज चौहान, विपिन चौहान, तरुण तोमर, अनुज गौतम, रोहित पुंडीर, किरनेश ठाकुर आदि ने एएसपी को बताया कि कुछ युवक नाहन कॉलेज के समीप यातायात नियमों की धज्जियां उड़ा रहे हैं। बाइकर्स तेज गति से बाइक चला रहे हैं। यही नहीं, कॉलेज में पढ़ने वाली छात्राओं को परेशान भी किया जा रहा है। उन पर फब्तियां कसने से मनचले बाज नहीं आ रहे हैं। ऐसे में छात्राएं खुद को असुरक्षित महसूस कर रही हैं। उन्होंने कहा कि हाल ही में एक तेज रफ्तार बाइक सवार ने दो छात्राओं और एक छात्र को टक्कर भी मार दी थी, जिसकी शिकायत पुलिस को सौंपी गई थी। उन्होंने कहा कि बिगड़ैल बाइक सवारों और हुड़दंगी युवकों पर कोई कार्रवाई अमल में नहीं लाई गई है। उन्होंने एएसपी सिरमौर वीरेंद्र ठाकुर से मांग की कि यातायात नियमों की धज्जियां उड़ाने वालों और छात्राओं के साथ भद्दी हरकतें करने वालों पर कार्रवाई की जाए। एबीवीपी ने पुलिस जवानों की तैनाती की भी मांग की है। छात्रों ने पुलिस प्रशासन को चेतावनी देते हुए कहा कि यदि इन घटनाओं पर रोक नहीं लगाई गई तो उनका संगठन पुलिस के खिलाफ प्रदर्शन करने से गुरेज नहीं करेगा।