अमर उजाला ब्यूरो
नाहन (सिरमौर)।
रोड सेफ्टी क्लब नाहन का एक प्रतिनिधिमंडल बुधवार को प्रधान विशाल तोमर की अध्यक्षता में नगर परिषद के कार्यकारी अधिकारी अजमेर ठाकुर से मिला। प्रतिनिधिमंडल ने कार्यकारी अधिकारी से मांग की है कि नाहन शहर के पुराने आर्ट्स कॉलेज भवन से लेकर शमशेर स्कूल तक की वन वे सड़क को दुरुस्त किया जाए।
विशाल तोमर ने बताया कि इस सड़क की हालत बेहद खस्ता हो गई है। बरसात में इस सड़क पर पड़े गड्ढों के कारण लोगों को चलना-फिरना मुश्किल हो जाता है। वाहन के टायरों से पानी के छींटे लोगों पर पड़ जाते हैं। लिहाजा, इस सड़क को बरसात से पहले दुरुस्त किया जाना चाहिए। इस पर कार्यकारी अधिकारी ने आश्वासन दिया कि प्राथमिकता के आधार पर इस सड़क को दुरुस्त किया जाएगा। इस दौरान रोड सेफ्टी क्लब से जुड़े धीरज गर्ग, अस्लम खान, अजय सिंगला, संजय चौहान, मनीष जैन, दीपक बंसल, राजेश शर्मा, प्रवीण शर्मा, अमन ठाकुर, तरुण कश्यप और राकेश गर्ग आदि शामिल थे।
---------------