दिवाली की रात गोविंदगढ़ मोहल्ले में दो गुटों में मारपीट
पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायत पर दर्ज किया क्रॉस मामला
अमर उजाला ब्यूरो
नाहन(सिरमौर)। दिवाली को पटाखे चलाने को लेकर गोविंदगढ़ मोहल्ले में दो गुटों में बहस हो गई। इसके बाद मामला इतना बढ़ गया कि नौबत मारपीट तक आ पहुंची। इसके बाद खूब मारपीट हुई। दोनों गुटों ने पुलिस में एक दूसरे के खिलाफ मामला दर्ज करवाया है।
जानकारी के अनुसार शेर सिंह निवासी मकान नंबर 30/13, गोविंदगढ़ नाहन ने थाना में शिकायत दर्ज करवाई कि 19 अक्तूबर की रात को वह अपने घर के बाहर अपने परिवार वालों के साथ पटाखे चला रहा था। करीब 10 बजे नोनिन्द्र सिंह, उसका बेटा लखन सिंह, इंद्र पाल सिंह, नोनिन्द्र सिंह की पत्नी उषा कौर व अन्य व्यक्ति इनके घर के बाहर आए व इसके पिताजी के साथ लोहे की रॉड व डंडों से मारपीट की। इससे इसके पिताजी को चोटें आई हैं।
शेर सिंह ने बताया कि इंद्र पाल सिंह ने इसके पिताजी के गले से सोने की चैन भी निकाल ली। पुलिस ने शेर सिंह की शिकायत पर धारा 147, 148, 149, 356, 323 भादंसं के तहत मारपीट का मामला दर्ज किया है।
वहीं दूसरी और प्रीतपाल सिंह निवासी गोविंदगढ़ नाहन ने थाना में शिकायत दर्ज करवाई कि 19 अक्तूबर यह अपने घर पर परिवार वालों के साथ दीपावली का त्योहार मना रहा था। इस दौरान गुरमीत सिंह व शेर सिंह अन्य व्यक्तियों सहित इसके घर पर आए तथा गंदी गंदी गालियां देने लगे। जैसे ही यह लोग बाहर आए तो उपरोक्त व्यक्तियों ने इनके साथ डंडों व लात मुक्कों के साथ मारपीट की, जिससे इनको चोटें आई हैं। पुलिस ने प्रीतपाल सिंह की शिकायत पर धारा 147, 148, 149, 323, 506 भादंसं के तहत मामला दर्ज किया है।
एसपी रोहित मालपानी ने मामले की पुष्टि करते हुए कहा कि दोनों पक्षों की शिकायत पर पुलिस ने मारपीट का क्रॉस मामला दर्ज किया है। मामले में आगामी कार्रवाई जारी है।
----