अमर उजाला ब्यूरो
पांवटा साहिब (सिरमौर)। हिमाचल-उत्तराखंड सीमा पर अपने दोस्तों के साथ घूमने पहुंचा 19 वर्षीय युवक टौंस नदी में डूब गया। उत्तराखंड राज्य का युवक टौंस नदी में नहाने के लिए उतरा था। इस बीच युवक नदी में डूब गया। नदी में डूबे युवक को तलाशने के लिए पुलिस और स्थानीय गोताखोरों समेत एनडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची है। हालांकि, अब तक युवक का पता नहीं चल पाया है। जानकारी के मुताबिक रविवार की शाम उत्तराखंड राज्य से संबंध रखने वाले अजय रावत (19) पुत्र अनांग पाल निवासी सहसपुर अपने साथियों आशीष चौहान और अंकुश राणा के साथ हिमाचल सीमा की ओर पहुंचे थे। सभी युवक किल्लौड़ पुल के पास टौंस नदी में नहाने के लिए उतरे। जिस स्थान पर युवकों ने नहाना शुरू किया था, वहां पिछले तीन दिन से पानी छोड़ने के बाद जल स्तर काफी बढ़ गया था। नहाते समय अजय रावत अचानक नदी में डूब गया। अपने साथी को डूबते देख अन्य दोस्तों ने शोर मचाया। इसके बाद युवकों ने पांवटा प्रशासन और सिंघपुरा पुलिस को सूचित किया। सूचना मिलते ही नायब तहसीलदार पांवटा निहाल सिंह कश्यप, कानूनगो सुरेश मोहिल और स्थानीय क्षेत्र के पटवारी दर्शन सिंह मौके पर पहुंच गए। स्थानीय गोताखोरों और ग्रामीणों ने टौंस नदी क्षेत्र में युवक की कई घंटों तक तलाश की। जब युवक का कोई सुराग नहीं लगा तो सोमवार को सुबह एनडीआरएफ की टीम बुला ली गई है। इसके बाद आसपास के गोताखोरों ने भी तलाशी अभियान शुरू किया। मौके पर पहुंचे डूबे युवक के रिश्तेदारों ने कहा कि अजय रावत अपने परिजनों का इकलौता पुत्र था। सर्च अभियान के दौरान एसडीएम लाइक राम वर्मा, डीएसपी सोमदत्त और एसएचओ संजय कुमार भी मौजूद रहे।
उधर, नायब तहसीलदार पांवटा निहाल सिंह कश्यप ने बताया कि टौंस नदी में पुल के समीप यह हादसा हुआ है। इसमें उत्तराखंड सहसपुर निवासी अजय रावत (19) पुत्र अनांग पाल नहाते समय नदी में डूब गया है। उसके साथ उत्तराखंड के ही दो साथी आशीष चौहान और अंकुश राणा भी हिमाचल सीमा पर घूमने पहुंचे थे। लोकल गोताखोरों ने सर्च अभियान चला रखा है। सोमवार को एनडीआरएफ टीम सर्च अभियान के लिए पहुंच गई है। अभी तक युवक का सुराग नहीं लग पाया है। सर्च ऑपरेशन जारी है।