अमर उजाला ब्यूरो
सतौन (सिरमौर)। गिरिपार क्षेत्र के कांडो चियोग पंचायत के चियोग गांव में सोमवार को जोरदार आसमानी बिजली गिरने से विक्रम ठाकुर (40) की मौके पर ही मौत हो गई। यह हादसा सोमवार सुबह 10 बजे के करीब हुआ। रोजमर्रा की तरह च्योग गांव के विक्रम ठाकुर पुत्र स्व. मुंशीराम मौसम खराब होने के चलते पशुओं को चारा डालने के लिए पशुशाला मानल मेरी गया था। मौसम खराब होने के कारण वह अपने पशुशाला के एक कमरे के अंदर बैठ गया। इसी बीच अचानक आसमानी बिजली गिरी। इससे विक्रम की मौके पर ही मौत हो गई। इसके बाद रोजमर्रा की तरह जब युवक दोपहर को घर वापस नहीं लौटा तो उसकी मां ने अन्य ग्रामीणों के पास उसे पीने की लस्सी दी और संदेशा भेजा कि खाना खाने वह घर आ जाए। जब ग्रामीण दो बजे के करीब मौके पर पहुंचे तो विक्रम को मृत पाया। पंचायत प्रधान मायाराम चौहान ने बताया कि व्यक्ति की मौके पर ही आसमानी बिजली गिरने से मौत हो गई थी। विक्रम अपने पीछे चार लड़कियां और एक पुत्र को पीछे छोड़ गए हैं। सबसे बड़ी लड़की 9वीं कक्षा में पढ़ती है। उधर, एसडीएम पांवटा साहिब एलआर वर्मा ने सूचना मिलने पर तहसीलदार कमरऊ को मौके पर भेजा। तहसील कमरऊ मनमोहन जिस्टू ने मृतक के परिजनों को फौरी राहत के तौर पर 10 हजार रुपये की राशि प्रदान की है।