अमर उजाला ब्यूरो
कालाअंब (सिरमौर)। औद्योगिक क्षेत्र कालाअंब के तहत मोगीनंद में बनी हिमुडा कॉलोनी में वीरवार दोपहर एक मकान में अचानक आग लग गई। इससे मकान के भीतर रखा सारा सामान जलकर राख हो गया है। आग लगने से लाखों रुपये के नुकसान की आशंका जताई जा रही है। अभी तक आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है।
जानकारी के मुताबिक औद्योगिक क्षेत्र कालाअंब के तहत मोगीनंद इलाके में बलदीप टंडन के मकान में अचानक आग लग गई। हादसे के समय घर में कोई नहीं था। गनीमत रही कि हादसे में कोई हताहत नहीं हुआ। दोपहर करीब एक बजे अचानक आग लग गई। बताया जा रहा है कि मकान किराये पर चढ़ाया गया था। किरायेदार दैनिक कार्यों के चलते बाहर गए हुए थे। मकान में रहने वाला एक किरायेदार आमिर दोपहर का भोजन करने के लिए घर आया था। उसने मकान से धुआं उठता देखा तो आसपास के लोगों को इसकी सूचना दी। साथ ही अग्निशमन केंद्र को भी सूचित कर दिया। सूचना मिलते ही अग्निशमन विभाग के कर्मचारी दमकल वाहन के साथ मौके पर पहुंच गए। इसी दौरान नाहन से भी एक दमकल वाहन मौके पर पहुंचा। हालांकि, आग लगने के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल पाया है लेकिन आग का मुख्य कारण शार्ट सर्किट माना जा रहा है। इस हादसे में करीब डेढ़ लाख का घरेलू सामान जलकर राख हो गया हे। अग्निशमन विभाग नाहन के फायर अफसर मेहर सिंह ने बताया कि सूचना मिलते ही विभाग के फायर टेंडर मौके पहुंच गए थे, जिससे आग पर जल्द ही काबू पा लिया गया। अग्निकांड में मकान के तीन कमरों का सामान जलकर राख हो गया है। करीब डेढ़ लाख के नुकसान की आशंका जताई जा रही है।