नाहन (सिरमौर)। जनपद सिरमौर में डेंगू कंट्रोल में नहीं है। एक के बाद एक मामले सामने आने से लोगों में दशहत बढ़ गई है। शहरी क्षेत्रों के साथ-साथ ग्रामीण इलाकों से भी डेंगू के कई मामले आ चुके हैं। इस साल अभी तक 17 मरीजों की रिपोर्ट पॉजीटिव आई है। बुधवार को पीजीआई चंडीगढ़ में नाहन शहर का एक और मरीज में डेंगू डिटेक्ट हुआ। पीजीआई की ओर से स्वास्थ्य विभाग सिरमौर को इस मामले की जानकारी दे दी गई है। यह मरीज शहर के कच्चा टैंक का निवासी है। पिछले कुछ दिन से रोगी में बुखार के लक्षण थे। अस्पतालों में जांच के बाद रोगी को पीजीआई रेफर किया गया, जहां डेंगू पॉजीटिव पाया गया है। ऐसे मामलों में बढ़ोतरी के चलते स्वास्थ्य विभाग में भी हड़कंप मचा हुआ है। इस साल अभी तक डेंगू से पीड़ित एक व्यक्ति की पीजीआई में मौत हो चुकी है। यही नहीं बुखार से पीड़ित मरीजों का आंकड़ा लगातार बढ़ रहा है। कुल मिलाकर सिरमौर में जिला प्रशासन के साथ-साथ स्वास्थ्य महकमे के डेंगू से बचाव के सारे दावे खोखले नजर आ रहे हैं। स्थिति और भी गंभीर हो रही है। डेंगू से बचाव की तैयारियां महज बैठकों तक ही सीमित रह गई हैं। धरातल पर सच्चाई और ही बयां करती नजर आ रही है।
विभिन्न अस्पतालों में बुखार के रोगियों के सैकड़ों मामले सामने आ रहे हैं। मेडिकल कॉलेज नाहन समेत सिरमौर के सिविल अस्पतालों, सीएचसी, पीएचसी, डिस्पेंसरी आदि स्वास्थ्य संस्थानों में मरीज बुखार की जांच के लिए पहुंच रहे हैं। सरकारी स्वास्थ्य संस्थानों के अलावा कई मरीज निजी क्लीनिकों का भी सहारा ले रहे हैं।
कई जगह पानी खड़ा तो सफाई भी बेहाल
नाहन शहर की बात करें तो साफ सफाई के बुरे हाल हैं। कूड़ेदानों से भी समय पर कूड़ा नहीं उठाया जा रहा है। शहर के तालाब भी बीमारियों को दावत दे रहे हैं। कई नालियों में पानी जमा है। निकासी के कोई प्रावधान नहीं किए गए हैं। हालांकि, नप ने बीमारी की आशंका को देखते हुए मच्छर मारने की दवा का छिड़काव भी किया है लेकिन, फिर भी लोग दहशत में हैं।
क्या कहते हैं अधिकारी
उधर, सीएमओ डॉ. संजय शर्मा ने बताया कि इस साल अभी तक डेंगू के 17 मामले आए हैं। एक नया मामला पीजीआई चंडीगढ़ में डिटेक्ट हुआ है। उन्होंने लोगों को सलाह दी कि वह पूरे कपड़े पहनें। बुखार होने पर तुरंत चिकित्सीय परामर्श लें।