बागथन स्कूल में परमार जयंती पर आयोजित कार्यक्रम में उपस्थित सांसद, विधायक व अन्य।
- फोटो : अमर उजाला ब्य़ूरो
सराहां (सिरमौर)। हिमाचल निर्माता डा. वाईएस परमार के गृह क्षेत्र चनालग में उनकी 112वीं जयंती धूमधाम से मनाई गई। इस मौके पर डॉ. परमार की पुरानी स्मृतियों तरोताजा की गईं। बागथन पंचायत के चनालग गांव में डॉ. परमार की जयंती पर विशेष कार्यक्रम आयोजित किए गए। मां नगरकोटी ज्वालाजी मंदिर विकास समिति चनालग की ओर से आयोजित कार्यक्रम में नौणी विश्वविद्यालय के कुलसचिव राजेश मारिया बतौर मुख्य अतिथि उपस्थित हुए। इस मौके पर विकास जन सहयोग के माध्यम से तीन लाख की लागत से बने सामुदायिक भवन का कुलसचिव ने लोकार्पण किया। कुलसचिव राजेश मारिया ने बताया कि डॉ. परमार हर व्यक्ति के जीवन के आदर्श हैं। इस मौके पर नित्यानंद सेवल, विश्वनाथ शर्मा, समिति के अध्यक्ष यशपाल, आनंद कुमार केशव शर्मा व भरत सिंह समेत कई लोग मौजूद रहे। हिमाचल निर्माता डॉ. यशवंत सिंह परमार राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला बागथन में परमार जयंती के अवसर पर स्कूल की छात्र-छात्राओं ने कई रंगारंग कार्यक्रमों की प्रस्तुति देकर समा बांधा। इससे पूर्व कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि लोकसभा सांसद वीरेंद्र कश्यप ने दीप प्रज्वलित कर किया। इस अवसर पर पच्छाद के विधायक सुरेश कश्यप भी विशेष अतिथि के रूप से उपस्थित रहे।
विद्यार्थियों की प्रस्तुति ने लूटी वाहवाही
कार्यक्रम का शुभारंभ करते हुए स्कूली छात्रा दिव्यांशी, अंकिता और रूपाली ने सरस्वती वंदना पेश किया। इसके बाद छात्राएं चंचल, अकांक्षा, मुस्कान, रेखा व सखियों ने धरती सुनहरी अंबर नीला गीत पर जबरदस्त नृत्य प्रस्तुत किया। इसके पश्चात गीता माधुरी सोनम, चंचल ने बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ, लघु नाटिका प्रस्तुत की। इसके बाद गीता, सोनम, हिमानी, आकृति, दिवांशी, सुजाता, अंजलि व सखियों रोहड़ू जाना मेरी आमीए, छन-छन छनको पायलों मेरी व मेरे आना तेरे साथ रे गाड़ी रोक ले ड्राइवर लोकनृत्य पर दर्शकों की वाहवाही लूटी।